भिलाई में होगा नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 May 2025 11:08 PM
भिलाई में होगा नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल
ऑडियो सुनें

रायपुर. देश के समग्र नागरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने और संवेदनशील परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 7 मई 2025 को एक राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है. यह अभ्यास देश के 244 नागरिक सुरक्षा जिलों में आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला को एक प्रमुख अभ्यास स्थल के रूप में चुना गया है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का राज्य में पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि यह मॉकड्रिल न केवल नागरिक सुरक्षा की तैयारियों की परख का अवसर है, बल्कि जनता को जागरूक करने का भी एक सशक्त माध्यम है. इसके अंतर्गत नागरिकों, छात्रों व स्वयंसेवकों को आपातकालीन सुरक्षा प्रशिक्षण, नागरिक सुरक्षा सेवाओं – अग्निशमन सेवाओं की कार्यशीलता का परीक्षण, दुर्घटना की स्थिति में निकासी योजनाओं की प्रभावशीलता का मूल्यांकन, सेना और नागरिक सुरक्षा का समन्वय आदि विषयों पर अभ्यास किया जाएगा.

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पहलगाम में हुए आतंकी हमले और पाकिस्तान द्वारा सीमा पर सीजफायर उल्लंघन के मद्देनज़र देशभर में सतर्कता बढ़ाई गई है. भारतीय सेना के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के भिलाई में विशेष रूप से ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी. इस दौरान नागरिकों को अंधेरे में व्यवहार, सुरक्षात्मक उपाय और अलर्टनेस बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस मॉकड्रिल में जिला प्रशासन, नागरिक सुरक्षा विभाग, होम गार्ड, एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस, स्कूल-कॉलेज के छात्र, स्वयंसेवी संगठन एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है.

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे इस राष्ट्रीय सुरक्षा अभ्यास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और समयबद्ध व उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu