छत्तीसगढ़ में ठंड ने किया प्रवेश, रायपुर समेत इन जिलों में गिरा पारा…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 31 Oct 2023 01:39 PM
छत्तीसगढ़ में ठंड ने किया प्रवेश, रायपुर समेत इन जिलों में गिरा पारा…
ऑडियो सुनें

रायपुर: राजधानी सहित प्रदेशभर में गुलाबी ठंड की दस्तक हो चुकी है। वहीं उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के अधिकांश इलाकों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं अब उत्तर की ओर से आने वाली हवाओं का असर लगभग बंद हो गया है और अब पूर्व की ओर से हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं।

इसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इसी बीच रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक कम रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में दो डिग्री तक ज्यादा रहा। वहीं सर्वाधिक तापमान डोंगरगढ़ में 33.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस जशपुर में दर्ज किया गया।

राजनांदगांव में पारा सामान्य से पांच डिग्री कम

मौसम विभाग के पिछले 30 वर्ष के औसत के हिसाब से कई क्षेत्रों में पारा सामान्य से अधिक तो कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम है। आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव में अधिकतम तापमान औसत से पांच डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान भी राजनांदगांव और दुर्ग में औसत से तीन डिग्री तक कम है, जबकि राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम है।

नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड

CG Weather Update: वर्तमान में गुलाबी ठंड सुबह और रात में ही महसूस हो रही है, जबकि नवंबर के दूसरे सप्ताह यानी दीपावली के बाद पारा गिरने की संभावना है, जिसमें सर्वाधिक गिरावट उत्तर और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में होने की संभावना है, जबकि राजधानी सहित मध्य छत्तीसगढ़ में भी क्रमिक गिरावट होना तय है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav