दिल्ली में मौसम की सबसे सर्द सुबह, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 11 Dec 2023 12:36 PM
दिल्ली में मौसम की सबसे सर्द सुबह, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, न्यूनतम पारा 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तथा रविवार को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत रही।

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 दिसंबर से 17 दिसंबर के बीच शहर का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 10.05 बजे 318 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है।
एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, 401 से 450 के बीच ‘गंभीर’ और 450 से ऊपर ‘अति गंभीर’ माना जाता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav