कंपाउंड तीरंदाज मधुरा, ऋषभ सेमीफाइनल में, रिकर्व टीम शंघाई विश्व कप से बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 08:24 PM
कंपाउंड तीरंदाज मधुरा, ऋषभ सेमीफाइनल में, रिकर्व टीम शंघाई विश्व कप से बाहर
ऑडियो सुनें

शंघाई. भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने विश्व कप के दूसरे चरण में अच्छा प्रदर्शन जारी रखा जब ऋषभ यादव और मधुरा धमनगांवकर व्यक्तिगत वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हालांकि रिकर्व टीमें पदक की दौड़ से बाहर हो गईं . यादव ने डेनमार्क के मथियास फुलेरटन को शूटआफ में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई . एक समय स्कोर 147 . 147 से बराबर रहने के बाद शूटआफ में यादव ने परफेक्ट 10 स्कोर किया . अब उनका सामना दुनिया के नंबर एक तीरंदाज नीदरलैंड के माइक शोलेसेर से होगा .

महिला कंपाउंड वर्ग में मधुरा ने कई बार विश्व कप स्वर्ण जीत चुकी हमवतन ज्योति सुरेखा वेन्नम को क्वार्टर फाइनल में 142 . 141 से मात दी. अब वह तुर्किये की हाजल बुरून से खेलेंगी. वहीं भारत की पुरुष और महिला रिकर्व तीरंदाजी टीमें पदक की दौड़ से बाहर हो गईं, जिसमें पुरुष चौथे स्थान पर रहे जबकि महिला टीम प्री-क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई. धीरज बोम्मदेवरा, अतनु दास और तरुणदीप राय की सातवीं प्राप्त भारतीय पुरुष टीम कांस्य पदक के मैच में अमेरिका से 3-5 से हार गई.

भारतीय टीम पहला सेट 56-57 से हार गई. इसके बाद क्रिश्चियन स्टोडर्ड, ब्रैडी एलिसन और जैक विलियम्स की अमेरिकी तिकड़ी ने दूसरे सेट में 56-52 से दबदबा बनाने के बाद 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली. भारत ने तीसरे सेट में वापसी करते हुए 55-54 से जीत हासिल की लेकिन चौथा सेट 56-56 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे अमेरिकी टीम कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही.

इससे पहले भारतीय टीम को सेमीफाइनल में फ्रांस से शूट-ऑफ में 4-5 (25-26) से हार का सामना करना पड़ा था. महिला वर्ग में, दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और अंशिका कुमारी कि भारतीय टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त मेक्सिको से शूट-ऑफ में 4-5 (26-27) से हारकर बाहर हो गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu