भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में चक्का जाम किया

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में राज्य में कई जगहों पर राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘चक्का जाम’ किया. चैतन्य को ईडी ने कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में 18 जुलाई को गिरफ्तार किया था.

भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजधानी रायपुर के बाहरी इलाके में रायपुर से कोलकाता जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के वीआईपी चौक पर दोपहर 12 बजे से अपराह्न दो बजे तक सड़क जाम की. पीटीआई वीडियो के साथ बातचीत में बघेल ने भाजपा पर विपक्ष के खिलाफ साजिश रचकर उसे दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. बघेल ने कहा, ”छत्तीसगढ़ में भाजपा का शासन विष्णु देव साय की सरकार नहीं, बल्कि (उद्योगपति) अडानी द्वारा चलाया जा रहा है.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार अहमदाबाद (गुजरात) से संचालित हो रही है.

बघेल ने कहा, ”मुख्यमंत्री साय के शपथग्रहण (दिसंबर 2023 में) से पहले, हसदेव में जंगल काटे गए और अब तमनार में जंगल काटे जा रहे हैं (कोयला खदान परियोजना के लिए). जब यह मुद्दा (तमनार में पेड़ों की कटाई का) विधानसभा में (पिछले हफ्ते) उठाया गया, तो मेरे बेटे को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”इससे पहले भी, विधायक कवासी लखमा और देवेंद्र यादव सहित हमारे नेताओं और अनुसूचित जाति के लोगों को निशाना बनाया गया था.”

बघेल ने कहा, ”वे (भाजपा) षड्यंत्र रचकर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन जनता उनके खेल से वाकिफ हो गई है. कांग्रेस पार्टी सड़कों पर है. अडानी भगाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ.” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जगदलपुर (बस्तर) में, विपक्ष के नेता चरण दास महंत बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में चक्का जाम में शामिल हुए.

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव और अन्य वरिष्ठ नेता अलग-अलग जगहों पर दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर भाजपा के खिलाफ नारे लगाए. इस बीच, सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को ‘फ्लॉप शो’ करार दिया है और कहा है कि वह विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को खारिज करने के लिए जनता, व्यापार और श्रमिक संघों का आभार व्यक्त करती है.

राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस का चक्का जाम एक ‘फ्लॉप शो’ साबित हुआ. राज्य की जनता, व्यापार और श्रमिक संगठनों ने इसे खारिज कर दिया है. छत्तीसगढ़ की जनता ने दिखा दिया है कि वह कभी भी भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों का समर्थन नहीं करती.” साव ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन न तो राज्य के हित में था और न ही देश के हित में.

उन्होंने कहा कि यह एक ऐसे व्यक्ति (चैतन्य बघेल) के समर्थन में आयोजित किया गया, जिस पर एक हजार करोड़ रुपये (कथित शराब घोटाले से उत्पन्न) को संभालने और अपने रियल एस्टेट व्यवसाय में 16.70 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करने का आरोप है.
साव ने कहा कि पूरे राज्य में यह देखा गया है कि लोगों ने कांग्रेस की विरोध की अपील को खारिज कर दिया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button