कांग्रेस ने देश को बड़े बांध, हरित, श्वेत क्रांति और प्रमुख संस्थान दिए : खरगे

बैरसिया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़े बांधों, हरित और श्वेत क्रांति, देश में प्रमुख इंजीनियरिंग एवं चिकित्सा संस्थानों की स्थापना के लिए दशकों से चली आ रही कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों की दूरर्दिशता और नीतियों को श्रेय दिया. खरगे बुधवार को मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भोपाल जिले के बैरसिया निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बार-बार यह पूछे जाने पर आजादी के बाद अपने लंबे शासन के दौरान कांग्रेस ने देश के लिए क्या किया है. खरगे ने मोदी के इस सवाल का जवाब दिया . खरगे ने कहा कि कांग्रेस के कारण ही देश में संविधान बना और लोकतंत्र बचा रहा और वह पूछते हैं कि कांग्रेस ने देश के लिए क्या किया? देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरित क्रांति, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए श्वेत क्रांति… भाखड़ा नांगल जैसे बांध और प्रमुख चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग संस्थान कांग्रेस की नीतियों और दूरर्दिशता के कारण ही देश में मौजूद हैं.

लगातार कांग्रेस सरकारों की उपलब्धियां गिनाते हुए पार्टी अध्यक्ष ने पूछा कि देश में संचालित होने वाला सबसे बड़ा डेयरी सहकारी ब्रांड अमूल किसने बनाया था. उन्होंने एम्स, आईआईटी, बांधों और बड़ी फै्ट्रिरयों को आधुनिक भारत का मंदिर बताया. कांग्रेस अध्यक्ष विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन रैली को संबोधित कर रहे थे, मप्र में उनकी पार्टी सत्ता के लिए भाजपा के खिलाफ खड़ी है.
खरगे ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के प्रचार के लिए भाजपा के स्टार प्रचारक मोदी की आलोचना की.

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी जो देश के प्रधानमंत्री हैं, अपना काम करने के बजाय चुनावी रैलियों के लिए छोटे गांवों और कस्बों का दौरा करने में व्यस्त हैं. वह प्रधानमंत्री हैं और उन्हें सड़कों पर घूमने के बजाय पहले अपना काम ठीक से करना चाहिए. खरगे ने कहा कि देश में लोकतंत्र की वजह से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं और लोगों को वोट देने का अधिकार पंडित जवाहर लाल नेहरू और डॉ. भीमराव अंबेडकर की वजह से मिला है.

उन्होंने कहा, ”अगर उन्हें (भाजपा को) उस समय (आजादी के बाद) सत्ता मिलती, तो वे मनु शास्त्र (एक प्राचीन ग्रंथ) को लागू करके देश चलाते और दलितों को सार्वजनिक सड़कों और जल स्रोतों तक पहुंच से वंचित कर देते.” खरगे ने मध्यप्रदेश में 18 साल के शासन के लिए भाजपा की आलोचना की. उन्होंने भाजपा सरकार पर व्यापमं और उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मतदाताओं से “भ्रष्ट” पार्टी को सत्ता से बाहर करने का आग्रह किया.

कांग्रेस अध्यक्ष ने दो करोड़ नौकरियों का वादा करने के बावजूद देश में 30 लाख रिक्त पदों को नहीं भरने के लिए मोदी सरकार पर हमला बोला. खरगे ने कांग्रेस की सरकार बनने पर जाति सर्वेक्षण कराने, ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण देने, महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता, 100 यूनिट बिजली मुफ्त और 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने समेत अन्य वादे दोहराए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button