कर्नाटक में आंतरिक कलह में फंसी हुई है कांग्रेस की सरकार : शोभा करंदलाजे

केंद्र से 'बेवजह झगड़ रही' कर्नाटक की कांग्रेस सरकार : केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी

बेंगलुरु. केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर आंतरिक कलह में फंसे होने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राज्य के लोगों को डेंगू के बढ़ते मामलों और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति जैसी परेशानियों से बचाने के लिए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उनके प्रशासन को ”जागने” की जरुरत है.

करंदलाजे ने राज्य और बेंगलुरु शहर में रुकी हुई बुनियादी ढांचा संबंधी परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर ”गहरी नींद” में होने और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री पदों के लिए प्रतिस्पर्धा में उलझे होने का भी आरोप लगाया. बेंगलुरु उत्तर के सांसद करंदलाजे ने सिद्धरमैया सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी आंतरिक कलह के कारण जनता को भूल गई है.

करंदलाजे ने कहा, ”बेंगलुरु शहर और राज्य में कई मुद्दे हैं और यहां कोई सरकार नहीं है जो इस पर ध्यान दे. यह सरकार गहरी नींद में है. इस सरकार को कुछ भी कहने का कोई फायदा नहीं है, यह पत्थर पर पानी डालने जैसा होगा.” उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”इस सरकार में केवल एक ही बात हो रही है कि कौन मुख्यमंत्री और कौन उपमुख्यमंत्री बनेगा, केवल इसकी होड़ मची हुई है. और इसी प्रतिस्पर्धा तथा आंतरिक कलह के कारण कर्नाटक में जो सरकार है, वो राज्य के लोगों को भूल गई है. ”

उन्होंने कहा, ”सरकार को तुरंत जागना होगा, इससे पहले कि और लोगों की जान चली जाए. साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब हो गई है, दुष्कर्म, हत्या, दिनदहाड़े हत्या के कई मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन ऐसी स्थिति है कि सवाल उठाने वाला कोई नहीं है. इसलिए मैं सरकार और मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे जागें और लोगों की सुरक्षा करें. ”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ने कहा कि डेंगू के साथ-साथ कर्नाटक में जीका वायरस के मामले भी सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोग अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं और दवाओं की उपलब्धता तथा उनकी कीमतों को लेकर भी समस्याएं हैं. करंदलाजे ने बेंगलुरु की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा, ”बैंगलोर जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (बीडब्ल्यूएसएस) कुशलता से काम नहीं कर रहा है, पाइपों में रिसाव है, जिससे पानी और सीवेज जमा हो गया है. न तो सरकार और न ही उसके विभाग इस पर ध्यान दे रहे हैं.”

केंद्र से ‘बेवजह झगड़ रही’ कर्नाटक की कांग्रेस सरकार : केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी
केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कर्नाटक में सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर केंद्र के साथ ‘बेवजह झगड़ने’ का आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे कोई मदद नहीं मिलेगी. जनता दल सेक्युलर (जद-एस) नेता की पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेतृत्व को उनपर भरोसा है तथा वह उनकी उम्मीदों को पूरा करना चाहते हैं.

कुमारस्वामी ने कहा, “मैं जानता हूं कि यह सरकार (कर्नाटक में) केंद्र सरकार के साथ बेवजह झगड़ रही है. सबसे पहले मैं कर्नाटक सरकार से अनुरोध करता हूं कि झगड़ने से कोई फायदा नहीं होगा. या केंद्र सरकार पर आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं होगा. जो भी मुद्दा है आइए हम साथ बैठकर चर्चा करें.”

‘पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए उन्होंने कहा, ”हम परस्पर विश्वास के साथ सफलतापूर्वक काम कर सकते हैं. (इसके बजाय) हर दिन (वे) सार्वजनिक रूप से आलोचना कर रहे हैं. वे रोजाना (केंद्र के खिलाफ) बयान दे रहे हैं…केंद्र सरकार की बिना किसी गलती के अनावश्यक रूप से उसकी आलोचना कर रहे हैं. गलती आपके (राज्य सरकार के) यहां ही है.” कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य से संबंधित कई मुद्दे हैं और उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता कर्नाटक है. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे अपने विभागों के कामकाज को ठीक से समझने के लिए दो से तीन महीने और चाहिए.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button