तेलंगाना की कांग्रेस सरकार लोगों को दी ‘गारंटी’ को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी: सोनिया गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 08:55 PM
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार लोगों को दी ‘गारंटी’ को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी: सोनिया गांधी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली तेलंगाना की कांग्रेस सरकार लोगों को दी गई ‘गारंटी’ पूरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी. उनका वीडियो संदेश यहां परेड मैदान में राज्य सरकार द्वारा आयोजित 10वें तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस समारोह में चलाया गया.

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देकर अपना भाषण शुरू किया. उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने 2004 में राज्य के करीमनगर में वादा किया था कि सबसे पुरानी पार्टी लोगों की अलग राज्य की मांग को पूरा करेगी. सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी इस घोषणा के बाद पार्टी के भीतर असंतोष फैल गया और कई लोगों ने पार्टी छोड़ दी, लेकिन लोगों के संकल्प ने उन्हें अलग राज्य की मांग को पूरा करने की दिशा में ताकत प्रदान की.

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में तेलंगाना के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार और सम्मान दिया है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह समृद्ध और विकसित तेलंगाना के लोगों के सपनों को साकार करना अपना कर्तव्य समझती हैं और आश्वासन दिया कि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार अपनी सभी ‘गारंटी’ को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी. तेलंगाना में कांग्रेस की चुनावी ‘गारंटी’ में सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, गरीबों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति और 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देना शामिल है. इस अवसर पर उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए लोगों को शुभकामनाएं भी दीं.

राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध तेलंगाना कवि एंडी श्री द्वारा रचित राज्य गीत ‘जय जय हे तेलंगाना’ को जारी किया. इस गीत का संगीत ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एम एम कीरावनी ने तैयार किया है. मुख्यमंत्री ने समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और खुली जीप पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu