कांग्रेस अल्पसंख्यक तुष्टीकरण में डूबी रही, मोदी सरकार आदिवासियों, दलितों और गरीबों की सरकार: शाह

मंडला. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण में डूबे रहने का आरोप लगाया और कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आदिवासियों, दलितों, गरीबों और पिछड़े वर्गों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करती है.

शाह ने मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के मंडला में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही. गृह मंत्री ने कहा, ”संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश की तिजोरी पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है. कांग्रेस सरकार अल्पसंख्यकीकरण में डूबी रही. लेकिन जब वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी सत्ता में आए तो उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों की सरकार है.”

उन्होंने कहा, ”एक ओर कांग्रेस कहती है कि देश की तिजोरी पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है. वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि देश के खजाने पर हमारे आदिवासियों एवं गरीबों का अधिकार है.” शाह ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए जल, जंगल और जमीन के अधिकार की सिर्फ बातें की, लेकिन मोदी ने जल, जंगल और जमीन के साथ सुरक्षा, सम्मान और समावेशी विकास को जोड़कर आदिवासियों का कल्याण किया.

उन्होंने कहा, ”मैं आज कमलनाथ और मिस्टर बंटाधार (दिग्विजय सिंह) से पूछने आया हूँ… जब कांग्रेस की सरकार थी तब आदिवासी कल्याण के लिए बजट कितना था?” शाह ने कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार में आदिवासियों के लिए 24,000 करोड़ रुपये का बजट था, जबकि मोदी सरकार ने 1.19 लाख करोड़ रुपये का बजट दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश पर राज किया लेकिन किसी आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति नहीं बनाया, जबकि मोदी एवं भाजपा ने गरीब परिवार की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने का काम किया है.

शाह ने कहा ” आज हम जनजाति समाज से आशीर्वाद मांगने आए हैं. मिस्टर बंटाधार (दिग्विजय सिंह) मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ गए थे. 20 साल में भाजपा के तीन मुख्यमंत्रियों ने विशेषकर हमारे शिवराज सिंह चौहान ने इसे बेमिसाल प्रदेश बनाने का काम किया है.” उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने आदिवासी भाई-बहनों के लिए पेसा कानून को धरातल पर उतारा है. शाह ने कहा कि आदिवासी कल्याण के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने एक नया रास्ता पूरे देश को दिखाया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button