कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करगिल में युवाओं से किया संवाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 10:02 PM
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करगिल में युवाओं से किया संवाद
ऑडियो सुनें

करगिल. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के अपने सप्ताह भर के दौरे के अंतिम चरण में बृहस्पतिवार शाम को करगिल शहर पहुंचे और उन्होंने युवाओं के एक समूह के साथ संवाद किया. वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक असगर अली करबलाई ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शुक्रवार को दिल्ली लौटने से पहले करगिल में एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं. तीस सदस्यीय लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) करगिल की 26 सीटों के लिए चुनाव 10 सितंबर को होने हैं और वोटों की गिनती चार दिन बाद होगी.

करगिल के जांस्कर तहसील के पदम में रात भर रुकने के बाद, 53 वर्षीय गांधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आज दोपहर करगिल शहर पहुंचे. भीड़ ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा ”भारत जोड़ो” एवं कांग्रेस नेता की प्रशंसा में नारे लगाए. करबलाई ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बाद में राहुल गांधी ने स्थानीय कांग्रेस इकाई द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शाम पांच बजे से एक घंटे तक युवाओं से बातचीत की. उन्होंने बताया कि इस मौके पर 1,000 से अधिक युवा मौजूद रहे और उन्होंने बेरोजगारी सहित अन्य समस्याओं का जिक्र किया. गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह और उनकी पार्टी के सदस्य संसद में उनकी आवाज बनेंगे.

करबलाई ने कहा कि गांधी ने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बारे में बात की और 2024 के लोकसभा चुनावों के साथ-साथ इस साल के अंत में राज्यों में होने वाले चुनावों में भी पार्टी की जीत का भरोसा जताया. उन्होंने गांधी और युवाओं के बीच बातचीत को एक ”ऐतिहासिक क्षण” करार दिया और दावा किया कि करगिल के लोग ”विभाजनकारी ताकतों और नफरत फैलाने वालों” को बेनकाब करके देश में लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के लिए कांग्रेस नेता के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu