कांग्रेस का मतलब कुशासन और भ्रष्टाचार है: जेपी नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 08:50 PM
कांग्रेस का मतलब कुशासन और भ्रष्टाचार है: जेपी नड्डा
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हरियाणा के रोहतक में रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का मतलब ‘कुशासन’, भ्रष्टाचार और अपराधीकरण है. नड्डा ने मतदाताओं से हरियाणा में तीसरी बार ‘कमल’ खिलाने की अपील की. नड्डा ने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश की ओर इशारा करते हुए कहा कि वहां दो साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने अपने चुनावी वादे पूरे नहीं किए हैं.

हरियाणा की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने रोहतक में एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार में राज्य में भूमि घोटाले होते थे और गरीब किसानों की जमीनें हड़पी जाती थीं. सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार के लिए पूर्ववर्ती सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियां ‘खर्ची-पर्ची’ प्रणाली से दी जाती थीं और होनहार युवा बेरोजगारी की कतार में खड़े रहते थे.

नड्डा ने कहा, “कांग्रेस ने कौन सा घोटाला नहीं किया? कोयला घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, चावल घोटाला, टैंक घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, 2-जी, 3 जी घोटाला. इन कांग्रेसियों ने भ्रष्टाचार करने में न धरती छोड़ी, न पानी और न ही आसमान छोड़ा.” उन्होंने उपस्थित भीड़ से पूछा, “क्या आप फिर से वैसे दिन वापस लाना चाहते हैं?” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “एक तरफ घोटालों की सरकार है, घोटाले पर घोटाले हैं. कांग्रेस का मतलब कुशासन है, कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार है, कांग्रेस का मतलब अपराधीकरण है. कांग्रेस का मतलब भाई को भाई से, जाति को जाति से लड़ाना है. वोट बैंक की राजनीति करना कांग्रेस का धर्म है. यह काम करने का कांग्रेस का तरीका है.” नड्डा ने कहा कि एक तरफ ऐसे लोग हैं जो परिवारवाद करना चाहते हैं, जो भूमि घोटाले करना चाहते हैं, जबकि दूसरी तरफ भाजपा है जो विकास के लिए प्रतिबद्ध है.

कांग्रेस पर हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आने के बाद अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा, “काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती. उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने का वादा किया था.” नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की महिलाएं पिछले दो साल से 1,500 रुपये का इंतजार कर रही हैं.

उन्होंने कहा, “राज्य (हिमाचल प्रदेश) का खजाना खाली है. कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”कांग्रेस पार्टी का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार का है.” नड्डा ने आरोप लगाया, “कांग्रेस की अपनी सरकार लाने की कवायद केवल एटीएम है. यहां से पैसा निकालकर दिल्ली में ‘शाही परिवार’ को देना है.” अमेरिका में आरक्षण पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्ष के नेता ने कहा कि वे आरक्षण खत्म कर देंगे.

उन्होंने कहा, “मैं कहना चाहता हूं कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण हमेशा रहेगा.” नड्डा ने कहा कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, चीन और जापान की अर्थव्यवस्थाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं, जबकि मोदी के नेतृत्व में भारत एक उज्ज्वल स्थान के रूप में आगे बढ़ रहा है. नड्डा ने कहा कि दस साल पहले भारत को एक भ्रष्ट देश कहा जाता था, लेकिन मोदी के नेतृत्व में देश अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा. हरियाणा में अपनी पार्टी के 10 साल के शासन के बारे में नड्डा ने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 3.25 लाख रुपये है जो देश में सबसे अधिक है.

उन्होंने कहा कि राज्य में फसल मुआवजे के रूप में 12,500 करोड़ रुपये दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 24 फसलों की खरीद कर रही है. उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार किसानों के हित में है तो वह मोदी सरकार और नायब सिंह सैनी सरकार है. हरियाणा में विधानसभा चुनाव के तहत पांच अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu