कांग्रेस ने राजस्थान के लिए 43 और उम्मीदवारों की सूची जारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Oct 2023 10:06 PM
कांग्रेस ने राजस्थान के लिए 43 और उम्मीदवारों की सूची जारी की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 43 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की. सूची में पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य को सोजत (अनुसूचित जाति) सीट से मैदान में उतारा गया है. राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी.

राज्य के मंत्री गोविंद राम मेघवाल और बी.डी. कल्ला को क्रमश? खाजूवाला (अनुसूचित जाति) और बीकानेर पश्चिम से मैदान में उतारा गया है. उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को कोटपुतली सीट से मैदान में उतारा गया है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को सिविल लाइंस सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि उद्योग राज्य मंत्री शकुंतला रावत बानसूर से चुनाव लड़ेंगी. इन मंत्रियों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का करीबी माना जाता है.

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के करीबी माने जाने वाले मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला और मुरारी लाल मीणा को क्रमश? झुंझुनू और दौसा से मैदान में उतारा गया है. दिसंबर 2018 में राजस्थान में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से ही राज्य में नेतृत्व को लेकर गहलोत और पायलट के बीच खींचतान चलती रही है.

लोक निर्माण मंत्री भजन लाल जाटव को वियर (अनुसूचित जाति) निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है. आबकारी मंत्री परसादी लाल मीणा और राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी को क्रमश: लालसोट (अनुसूचित जनजाति) और नवां से मैदान में उतारा गया है.

श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई अपनी सांचौर विधानसभा सीट से, राजस्व मंत्री रामलाल जाट मांडल से और जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया बांसवाड़ा (अनुसूचित जनजाति) सीट से चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस ने अब तक राजस्थान चुनाव के लिए 76 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. शनिवार को 33 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu