
गोंदिया/ठाणे. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कांग्रेस पर घाटे वाली परियोजनाएं शुरू करने, गांवों की उपेक्षा करने तथा सत्ता में रहने के दौरान देश को वास्तविक विकास से वंचित रखने का आरोप लगाया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को ”गलत नीतियों और भ्रष्ट सरकार” के कारण नुकसान उठाना पड़ा है.
गडकरी ने देश में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सराहना की. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार राजकुमार बडोले के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए गोंदिया जिले के सडक अर्जुनी में एक जनसभा को संबोधित किया.
गडकरी ने कहा, ”भारत के इतिहास में अगर कोई ऐसा नेता है जिसने ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के तहत देश के 6.5 लाख गांवों में से 3.5 लाख गांवों में सड़क सम्पर्क को मजबूत करने का काम किया तो वह अटल बिहारी वाजपेयी हैं.” उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती (कांग्रेस के नेतृत्व वाली) सरकार ने गांवों की उपेक्षा की. उन्होंने होटल, स्टील कारखाने, बिजली परियोजनाएं और एयरलाइन शुरू कीं, लेकिन सभी घाटे में चली गईं और अब वे नीलामी के कगार पर हैं. सारा पैसा डूब गया.
भाजपा नेता ने कहा कि अगर उन्होंने इस धन का इस्तेमाल गांवों में सड़कें, सिंचाई सुविधाएं, स्कूल, अस्पताल, पशु चिकित्सालय बनाने में किया होता तो आज स्थिति अलग होती. उन्होंने कहा, ”गलत नीतियों और भ्रष्ट (कांग्रेस नीत) सरकार के कारण हमें नुकसान उठाना पड़ा.” गडकरी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के उस ”दुष्प्रचार” की भी निंदा की कि भाजपा देश के संविधान को बदल देगी.
उन्होंने दावा किया, ”यह कांग्रेस ही थी जिसने संविधान को नष्ट कर दिया.” गडकरी ने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनी गई थीं, तो उनके खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर की गई थी और उच्च न्यायालय ने उनके चुनाव को अवैध घोषित कर दिया था. मंत्री ने कहा कि इसके बाद कांग्रेस ने अपने हितों के लिए ”संविधान को नुकसान” पहुंचाया.
गडकरी ने पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ ”आत्मनिर्भर भारत” और देश को ”विश्व गुरु” बनाने की वकालत की.
उन्होंने उद्योगों, व्यवसायों और कृषि के विकास के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा पर जोर दिया. मंत्री ने गोंदिया में ”डबल इंजन” सरकार (केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार) द्वारा किए गए विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी.
जल टैक्सियों के शुरू होने से नवी मुंबई हवाई अड्डे तक यात्रा का समय कम हो जाएगा: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित जल टैक्सी सेवा से लोग मुंबई में कहीं से भी आगामी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक 17 मिनट में पहुंच सकेंगे. इससे यात्रा का समय कम होगा. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री रविवार रात महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने मुंबई तथा ठाणे में संपर्क में बदलाव लाने और यातायात की भीड़भाड़ को कम करने के मकसद से सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को रेखांकित किया. राज्य में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. नवी मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का परिचालन मार्च 2025 में शुरू होने की उम्मीद है.
गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित जल टैक्सी सेवा शुरू होने पर यात्रियों को मुंबई के किसी भी हिस्से से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचने में ”केवल 17 मिनट ” लगेंगे. मंत्री ने कहा कि इस पहल का समर्थन करने के लिए हवाई अड्डे के पास ‘जेटी’ का निर्माण पहले ही किया जा चुका है. उन्होंने कहा, ” मुंबई और ठाणे के आसपास के विशाल समुद्री मार्गों का इस्तेमाल कर हम यातायात की भीड़ और वायु प्रदूषण को काफी हद तक कम कर सकते हैं.” मुंबई और पुणे में यातायात संबंधी समस्याओं पर गडकरी ने नयी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इसके पूरी तरह शुरू हो जाने पर बाहरी यातायात का मार्ग परिर्वितत हो जाएगा तथा महानगरीय क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम हो जाएगी.
कांग्रेस भाजपा पर संविधान में बदलाव करने का झूठा आरोप लगा रही : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि यह कांग्रेस ही है जिसने 1975 में आपातकाल के दौरान संविधान में संशोधन किया, लेकिन अब वह बेबुनियाद दावे कर रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान को बदलने की योजना बना रही है. गडकरी ने महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले रविवार रात ठाणे शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी संविधान की मुख्य विशेषताओं में बदलाव नहीं कर सकता.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देश में तेजी से क्षेत्रों के शहरीकरण के मद्देनजर टिकाऊ बुनियादी ढांचा तैयार करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई. उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपनी चुनावी रैलियों में आरोप लगाया है कि भाजपा संविधान को नष्ट करने के लिए काम कर रही है.
कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए गडकरी ने कहा, ”कोई भी संविधान की प्रमुख विशेषताओं को नहीं बदल सकता. वास्तव में, यह कांग्रेस ही थी जिसने 1975 में आपातकाल के दौरान संविधान में संशोधन किया था. बाद में जनता पार्टी सरकार ने इन्हें उलट दिया था.” मंत्री ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते समय जाति-आधारित राजनीति की अपेक्षा विकास को प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा, ”हमारा ध्यान ऐसे प्रगतिशील दृष्टिकोण पर होना चाहिए जो आधुनिक बुनियादी ढांचा और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करे.”



