कांग्रेस तेलंगाना में छह गारंटी लागू करेगी: मल्लिकार्जुन खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 08:42 PM
कांग्रेस तेलंगाना में छह गारंटी लागू करेगी: मल्लिकार्जुन खरगे
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आश्वासन दिया कि यदि पार्टी तेलंगाना की सत्ता में आती है तो वह राज्य में अपनी छह गारंटी लागू करेगी. उन्होंने सवाल किया कि तेलंगाना में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार में किसे फायदा हुआ? खरगे ने संगारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तेलंगाना में कांग्रेस द्वारा घोषित छह चुनावी गारंटी पर प्रकाश डाला और लोगों से राज्य में कांग्रेस को चुनने का आग्रह किया. तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा.

उन्होंने ‘केसीआर’ के नाम से जाने जाने वाले तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए, ”केसीआर जी जो चाहते थे, करते रहे और खरगे ने पूछा कि ”इससे किसे फायदा हुआ?” उन्होंने कहा, ”क्या छात्रों, महिलाओं और किसानों को फायदा हुआ? इसीलिए कांग्रेस पार्टी आपको छह गारंटी दे रही है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक के लोगों से किए गए वादे पूरे किए हैं. उन्होंने कहा, ”हम जो वादे करते हैं उन्हें पूरा करते हैं, लेकिन वे केवल वोट के लिए वादा करते हैं और फिर चले जाते हैं.”

कर्नाटक में कांग्रेस की पांच गारंटी के कार्यान्वयन पर संदेह जताने के लिए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी एक लक्जरी बस की व्यवस्था करेंगे और बीआरएस नेताओं को कर्नाटक ले जाएंगे और उन्हें वादों के कार्यान्वयन के बारे में बताएंगे.

खरगे ने बीआरएस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा, ”भाजपा और मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) सवाल करते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? और उनकी ‘बी’ टीम बीआरएस भी यही बात कह रही है. मुझे लगता है कि दोनों के बीच एक गुप्त समझौता है और वे केवल वही काम करते हैं जिससे उन्हें फायदा होता है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों के बारे में सोचती है. उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही गरीबों, छात्रों, किसानों, महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अधिकारों के लिए लड़ती है.

उन्होंने बीआरएस सरकार पर अपने शासन के पिछले नौ वर्ष में तेलंगाना को पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के जाल में फंसाने का आरोप लगाया. खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आजकल बीआरएस के नेता कांग्रेस के खिलाफ बोलते हैं. उन्होंने याद दिलाया कि वह सोनिया गांधी ही थीं जिन्होंने तेलंगाना के लोगों की इच्छाओं को पूरा किया. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने तेलंगाना के गठन में बड़ी भूमिका निभाई थी और सोनिया जी के बिना ऐसा संभव नहीं होता.”

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर रविवार को नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना की और कहा कि पांच राज्यों के लोग आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराकर फिर से प्याज के दाम बढ़ने का राज बताएंगे. खरगे ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब राष्ट्रीय राजधानी के थोक बाजार में प्याज की कीमतें बढ़कर 65-80 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई हैं.

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा सरकार के पिछले साढ़े नौ साल में महंगाई के बोझ तले दबी जनता की रोती-बिलखती आवाज सुनाई देती है. उन्होंने कहा, ”…हर बार महंगाई के मुद्दे पर, मोदी सरकार ने जनता का मखौल उड़ाया और कुछ इस तरह छेड़ा साज – ‘महंगाई दिखती ही नहीं’, ‘मैं प्याज खाती नहीं’, ‘बाकी देशों से तो बेहतर है’.”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”भला क्यों हुआ फिर से प्याज महंगा? अब भाजपा को पराजित कर पांच राज्यों के लोग बताएंगे इसका राज.” कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र सरकार पर महंगाई को काबू करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया और कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में महंगाई से परेशान जनता का गुस्सा स्पष्ट रूप से दिखेगा.

राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में अगले महीने चुनाव होने वाले हैं और नतीजों की घोषणा तीन दिसंबर को की जाएगी. कांग्रेस अर्थव्यवस्था से निपटने को लेकर सरकार पर निशाना साध रही है और ”बढ़ती” बेरोजगारी तथा महंगाई को लेकर चिंता जता रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu