पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्र की किसी भी कार्रवाई का समर्थन करेगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 10:42 PM
पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्र की किसी भी कार्रवाई का समर्थन करेगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

वायनाड/तिरुवनंतपुरम. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में केंद्र सरकार की किसी भी कार्रवाई का पूरा समर्थन करेगी. पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) इस रुख की पुष्टि करते हुए पहले ही एक प्रस्ताव पारित कर चुकी है.

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने वायनाड के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उम्मीद जतायी कि केंद्र सरकार पहलगाम हमले के मद्देनजर जल्द कार्रवाई करेगी. मामले पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस पार्टी…सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई और हमने एक प्रस्ताव पारित किया. प्रस्ताव में हमने कहा है कि सरकार जो भी कदम उठाने का फैसला करेगी, हम उसके साथ हैं. और हम उम्मीद करते हैं कि वे जल्द कदम उठाएंगे.” कांग्रेस ने पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि में पाकिस्तान को लगातार आतंक का निर्यात करने के लिए दंडित करने के वास्ते दृढ.ता से काम करने का केंद्र से शुक्रवार को आग्रह किया था. साथ ही कांग्रेस ने देश के सबसे अधिक सुरक्षा वाले क्षेत्रों में से एक में सुरक्षा और खुफिया मामले में ‘गंभीर चूक’ के लिए ‘समयबद्ध जवाबदेही’ तय करने की जरूरत को भी रेखांकित किया था.

विपक्षी दल ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा पारित एक प्रस्ताव में ये बातें कही थीं. सीडब्ल्यूसी की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की थी, जिसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा महासचिव जयराम रमेश, के सी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित अन्य लोग शामिल हुए थे.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने सुल्तान बाथरी में वायनाड वन्यजीव प्रभाग के वन अधिकारियों को घायल और बीमार जानवरों के लिए एक नयी एम्बुलेंस सौंपी. सांसद विकास निधि से 15 लाख रुपये की धनराशि से वित्तपोषित इस एम्बुलेंस को सुल्तान बाथरी स्थित वन प्रभाग कार्यालय में आयोजित एक समारोह में हरी झंडी दिखायी गई.

वन अधिकारियों के अनुरोध के बाद, प्रियंका गांधी वाद्रा ने पशु आश्रय और देखभाल इकाई का दौरा भी किया, जहां पकड़े गए बाघों को रखा जाता है. प्रियंका गांधी वाद्रा ने साथ ही इसके संचालन की समीक्षा की. अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इकाई में वर्तमान में क्षमता से अधिक बाघों को रखा गया है. उन्होंने पशुओं की बढ.ती संख्या के प्रबंधन के लिए बेहतर सुविधाओं और अतिरिक्त निधियों की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश भी डाला.

इस बीच, वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एन एम विजयन के परिवार ने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्टी नेताओं ने उन्हें प्रियंका गांधी वाद्रा से मिलने से रोक दिया. विजयन ने कुछ महीने पहले आत्महत्या कर ली थी. विजयन की बहू ने दावा किया कि सांसद ने हाल ही में यहां के दौरे के दौरान आश्वासन दिया था लेकिन उसके बावजूद उन्हें पार्टी से कोई सहायता नहीं मिली है.

कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले पर कार्रवाई करने का प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया

कांग्रेस ने पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर केंद्र पर “पाकिस्तान को सबक सिखाने” का दबाव बनाते हुए रविवार को कहा कि ”देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कार्रवाई का इंतजार कर रहा है.” कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने यहां पार्टी द्वारा आयोजित ‘संविधान बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कश्मीर में आतंकवादी हमले को 15 दिन बीत चुके हैं और सवाल किया कि केंद्र ने अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है.

वेणुगोपाल ने कहा, ”माइक्रोफोन और सार्वजनिक बैठकों के माध्यम से आपकी धमकियों के अलावा कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? देश आपसे कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहा है, श्रीमान मोदी.” उन्होंने कहा, ”देश आपकी कार्रवाई देखना चाहता है, केवल शब्दों के माध्यम से दी गई चुनौती नहीं. कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन पाकिस्तान को सबक सिखाने में आपके साथ है.” अलपुझा के सांसद वेणुगोपाल ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”आपके पास 54 इंच का सीना है – अब इसे प्रर्दिशत करने का समय है और हम आपके साथ हैं.” उन्होंने सर्वदलीय बैठक के दौरान कांग्रेस नेतृत्व द्वारा अपनाए गए रुख और कार्यसमिति की बैठक में पार्टी द्वारा इस मामले में पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए सरकार को दिये गए दृढ. समर्थन का भी उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार से पूछने के लिए कई सवाल हैं, जो आतंकी हमले की परिस्थितियों के बारे में हैं और इन्हें उचित समय पर उठाया जाएगा. उन्होंने कहा, ”आपको बिंदुवार जवाब देना होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu