कांग्रेस का एजेंडा अपने सहयोगियों का ‘इस्तेमाल करने और फेंक देने’ का है: मोदी

अमरावती. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दल का एजेंडा अपने सहयोगियों का “इस्तेमाल करने और फेंक देने” का है. मोदी ने पलनाडु जिले के बोप्पुडी गांव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और राज्य में कांग्रेस पार्टी दोनों एक ही हैं और एक परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित हैं.

उन्होंने कहा, ”राजग में हम सभी को साथ लेकर चलते हैं, लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी का एकमात्र एजेंडा सहयोगियों का इस्तेमाल करने और फेंक देने का है. आज कांग्रेस को मजबूरी में ‘इंडी’ गठबंधन (इंडिया गठबंधन) बनाना पड़ा, लेकिन उनकी सोच यही है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”आप देख सकते हैं कि केरल में वाम और कांग्रेस एक-दूसरे से क्या कहते हैं. बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और वाम एक-दूसरे के खिलाफ क्या कहते हैं और पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) एक-दूसरे के खिलाफ किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं. चुनाव से पहले जो लोग अपने फायदे के लिए इस तरह से लड़ते हैं, तो चुनाव के बाद क्या करेंगे आप अंदाजा लगा सकते हैं.” मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर देश की प्रगति के लिए काम कर रहा है तथा चुनाव के बाद तीसरे कार्यकाल के दौरान देश कई और ”बड़े फैसले” लेगा.

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्ष के दौरान देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के दायरे से बाहर निकाला गया है. मोदी ने कहा, ”कल लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई. पूरा देश कहता है कि चार जून (मतगणना के दिन) को (राजग की कुल सीटें) 400 पार हो जाएंगी.” प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग का लक्ष्य ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित आंध्र प्रदेश’ का निर्माण है. उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में ‘डबल इंजन’ वाली राजग सरकार राज्य का त्वरित विकास सुनिश्चित करेगी. मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में राजग नीत सरकार के विकास कार्यों की चर्चा हो रही है.

उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में आंध्र प्रदेश की जनता ने दो बड़ी चीजों का संकल्प लिया है. उन्होंने कहा कि पहला यह कि लोगों ने केंद्र में राजग सरकार को वापस सत्ता में लाने का फैसला किया है और वे यहां राज्य सरकार से इतने नाराज हैं कि उन्होंने इसे सत्ता से बेदखल करने का भी मन बना लिया है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मंत्रियों के बीच भ्रष्टाचार में लिप्त होने की होड़ मची हुई है. मोदी ने आरोप लगाया, ”यहां राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच भ्रष्टाचार पर प्रतिस्पर्धा चल रही है.” मोदी ने कहा, “आंध्र प्रदेश के मेरे भाइयो और बहनो, यह सोचने की गलती कभी न करें कि आंध्र में जगन की पार्टी (आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआरसीपी) और कांग्रेस पार्टी अलग-अलग हैं. दोनों एक ही हैं. इन पार्टियों को एक परिवार के सदस्य ही चला रहे हैं.”

Related Articles

Back to top button