जयपुर सहित कई जिलों में लगातार बारिश, स्कूलों में छुट्टी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 12:26 PM
जयपुर सहित कई जिलों में लगातार बारिश, स्कूलों में छुट्टी…
ऑडियो सुनें

जयपुर: राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा की गई है। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में रिकॉर्ड 118 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। जयपुर में कल दोपहर बाद से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है।

कई इलाकों में सोमवार को सुबह लगभग पांच बजे शुरू हुई तेज बारिश रुक रुक कर नौ बजे तक जारी थी। इससे अनेक निचले इलाकों में पानी भर गया। भारी बारिश को देखते हुए शिक्षा विभाग की ओर से राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में स्कूलों में सोमवार को अवकाश की घोषणा की गई है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते चौबीस घंटे के दौरान जयपुर हवाई अड्डे पर 118 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राज्य के अनेक जिलों में कई दिन से हो रही बारिश व आगामी कई दिन मानसून सक्रिय रहने की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उच्चाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव और त्वरित राहत पहुंचाने तथा बचाव-राहत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन गतिविधियों को अधिक सक्रिय बनाने के लिए निर्देश दिए।

राज्य में बारिश जनित हादसों के कारण बीते चौबीस घंटे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा राहत प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार करौली और ंिहडौन में भारी बारिश के कारण अनेक जगह जलभराव की स्थिति है।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग के कई भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा कहीं-कहीं भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कई इलाकों में अगले 3-4 दिन मध्यम व कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav