भाकपा (माओवादी) के सदस्य का ओडिशा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 07:30 PM
भाकपा (माओवादी) के सदस्य का ओडिशा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (भाकपा-माओवादी) के एक सदस्य ने मंगलवार को ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिस पर चार लाख रुपये का इनाम घोषित था. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई.
बयान में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले का मूल निवासी बिजया पुनेम उर्फ अजय माओवादी समूह के बीजीएन (वंशधारा-गुमसुर-नागबली) डिवीजन का सदस्य था.

ओडिशा पुलिस ने बयान में कहा कि माओवादी ने सुबह रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया और उसने अपने पास मौजूद हथियार पुलिस के हवाले कर दिये. पुलिस ने बताया कि अजय ने संगठन की दोषपूर्ण विचारधारा, नेतृत्व के अभद्र व्यवहार, ओडिशा की दुर्गम भौगोलिक स्थिति, भोजन-पानी और वस्त्रों की कमी तथा भाषा संबंधी समस्याओं के कारण आत्मसमर्पण किया. अजय 2009 में प्रतिबंधित भाकपा-माओवादी संगठन में शामिल हुआ था.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अजय को प्रतिबंधित संगठन की केंद्रीय समिति के सदस्य मोडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज की सुरक्षा टीम में शामिल किया गया था. वर्ष 2014 में उसे क्षेत्रीय समिति के सदस्य के पद पर पदोन्नत किया गया, लेकिन वह मनोज का अंगरक्षक बना रहा.

बयान में कहा गया है कि वर्ष 2023 में उसे प्रतिबंधित संगठन के बीजीएन डिवीजन में स्थानांतरित कर दिया गया और जनवरी 2024 से वह घुमुसर क्षेत्र में सक्रिय था. इसमें कहा गया है कि अजय मई 2024 में कंधमाल जिले में एक आम नागरिक की हत्या और 2021 से 2024 के बीच इसी जिले के विभिन्न इलाकों में पुलिस के साथ छह मुठभेड़ों में शामिल था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu