रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम की नहीं, राजनीति में लिप्त संतों की आलोचना की: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 May 2024 08:31 PM
रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम की नहीं, राजनीति में लिप्त संतों की आलोचना की: ममता
ऑडियो सुनें

ओंडा/पांसकुड़ा. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ की उनके परोपकारी कार्यों के लिए प्रशंसा करते हुए सोमवार को कहा कि वह किसी संस्था के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उन्होंने राजनीति में शामिल होने के लिए एक या दो लोगों की आलोचना की थी. बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया था कि दोनों मठों के कुछ संत-संन्यासी ”भाजपा के निर्देश पर” काम कर रहे हैं.

ममता के इस बयान की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीखी आलोचना की. मोदी ने आरोप लगाया कि ममता ”मुस्लिम चरमपंथियों के दबाव में हैं” और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वोट बैंक को ”तुष्ट” करने के लिए इन सामाजिक-धार्मिक संगठनों को धमकी दे रही हैं.
बांकुड़ा के ओंडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ”मैं रामकृष्ण मिशन के खिलाफ नहीं हूं, मैं किसी संस्था के खिलाफ क्यों होऊं या उसका अपमान क्यों करूं.”

उन्होंने कहा, ”मैंने एक या दो लोगों के बारे में बात की.” मुख्यमंत्री ने भारत सेवाश्रम संघ की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह लोगों के लिए काम करता है. बनर्जी ने कहा, ”मैंने कार्तिक महाराज के बारे में बात की थी, उन्होंने रेजिनगर में तृणमूल कांग्रेस के एजेंट को (मतदान केंद्र में) बैठने की अनुमति नहीं दी थी.” उन्होंने दावा किया कि मुर्शिदाबाद जिले में भारत सेवाश्रम संघ के संत (महाराज) भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब रेजिनगर में दो समूहों के बीच झड़प हुई, तो उन्होंने लोगों को भड़काया.

बनर्जी ने कहा, ”अगर वह भाजपा के लिए काम करना चाहते हैं, तो कर सकते हैं, लेकिन उन्हें भाजपा का ‘बैज’ (बिल्ला) पहनकर ऐसा करना चाहिए.” अतीत में रामकृष्ण मिशन के लिए अपने कार्यों को जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि उन्होंने कोलकाता में स्वामी विवेकानंद के घर को कोलकाता नगर निगम से अधिग्रहण करवाकर उसे बिकने से बचाया. बनर्जी ने कहा कि भगिनी निवेदिता दार्जिलिंग में जिस घर में रुकी थीं, उसे भी उन्होंने ही बचाया, इसके अलावा मेट्रो रेलवे स्टेशन से दक्षिणेश्वर मंदिर तक स्काईवॉक का निर्माण भी कराया था.

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल ‘इंडिया’ गठबंधन को बढ़त दिलाएगा और दिल्ली से भाजपा को ”उखाड़ फेंकेंगा.” बनर्जी बिष्णुपुर से टीएमसी उम्मीदवार सुजाता मंडल और बांकुड़ा से उम्मीदवार अरूप चक्रवर्ती के लिए प्रचार कर रहीं थीं. घाटाल से टीएमसी उम्मीदवार देव के लिए पांसकुड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि टीएमसी को अधिकतम सीटें मिलने से यह सुनिश्चित होगा कि वह केंद्र में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को सरकार बनाने में पूरी तरह से मदद कर सकेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu