CRPF ने नक्सल प्रभावित बस्तर में 10 हजार से अधिक रेडियो सेट वितरित किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Oct 2025 07:52 PM
CRPF ने नक्सल प्रभावित बस्तर में 10 हजार से अधिक रेडियो सेट वितरित किए
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/बीजापुर. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने छत्तीसग­ढ़ के बस्तर के सुदूर नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय विचार फैलाने और स्थानीय लोगों को माओवादी विचारधारा से दूर करने के लिए एक विशेष सार्वजनिक अभियान के तहत 10,000 से अधिक रेडियो सेट वितरित किए हैं. इस क्षेत्र में हिंसक वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) में कमी देखी जा रही है.

अर्धसैनिक बल ने गांवों में सैकड़ों छोटे और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के बाद हाल ही में लगभग चार महीने की कवायद पूरी की. एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिल्ली में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गृह मंत्रालय ने इस वर्ष की शुरुआत में 1.62 करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन के साथ बस्तर क्षेत्र के सात जिलों के लिए विशेष नागरिक कार्यक्रम शुरू किया था. बीजापुर जिले में स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कमांडर ने बताया कि क्षेत्र के दूरस्थ और आंतरिक स्थानों पर तैनात अर्धसैनिक बल की 180 कंपनी द्वारा कुल 10,800 रेडियो सेट वितरित किए गए. उन्होंने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य लगभग 54,000 व्यक्तियों को जोड़ना है, जिसमें प्रत्येक परिवार को पांच सदस्यों वाली इकाई माना जाएगा.

एक दूसरे अधिकारी ने कहा, “इस विशाल रेडियो वितरण अभियान का उद्देश्य स्थानीय लोगों, आदिवासियों और ग्रामीणों को देश की मुख्यधारा से जोड़ना है.” उन्होंने कहा, ”जब बल मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करने के केंद्र सरकार के घोषित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम कर रहा है, ये उपाय स्थानीय समुदाय को माओवादी विचारधारा से दूर करने के लिए उनके साथ जुड़ने का एक हिस्सा हैं ताकि सशस्त्र अभियानों से प्राप्त लाभ जागरूकता और कल्याणकारी पहलों से जुड़ें.” उन्होंने बताया कि बल ने स्थानीय लोगों को प्रधानमंत्री के मासिक ‘मन की बात’ संबोधन के अलावा, रेडियो पर प्रसारित होने वाले विभिन्न सरकारी और मनोरंजन कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी है.

दूसरे अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने बल से दूरदराज के इलाकों में और अधिक रेडियो टावर लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने को भी कहा है ताकि इन इलाकों के निवासी राज्य और देश में हो रही गतिविधियों को सुन सकें.  सीआरपीएफ की निर्धारित 180 कंपनियों में से प्रत्येक को वितरण के लिए 60 रेडियो दिए गए.

अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के लिए सीआरपीएफ को इसलिए चुना गया क्योंकि यह वह प्रमुख बल है जिसने छत्तीसग­ढ़ में विशिष्ट नक्सल-रोधी अभियानों के संचालन के लिए अग्रिम परिचालन अड्डे बनाए हैं और सबसे अधिक नक्सल-हिंसक क्षेत्रों में तैनात है. उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के लिए खरीदे गए इन रेडियो सेट को सूखी बैटरियों का उपयोग करके या सीधे बिजली बोर्ड कनेक्शन के माध्यम से संचालित किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक रेडियो सेट की कीमत लगभग 1,500 रुपये है और यह एफएम, एमडब्ल्यू और एसडब्ल्यू मोड को सपोर्ट करता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu