बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में यह डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सिस्टम के मजबूत होने से समुद्र में हवाओं की रफ्तार भी बढ़ेगी। 17 नवंबर से मध्य बंगाल की खाड़ी में 65-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों में इनकी गति 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में भी 17 नवंबर से 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
चक्रवाती तूफान का संभावित नाम है अकवान
इस नए चक्रवाती तूफान का संभावित नाम ‘अकवान’ (Akvan) होगा। यह नाम ईरान ने दिया है। मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। ओडिशा में 18 से 20 नवंबर और गंगीय पश्चिम बंगाल में 19-20 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली में हल्की बारिश के आसार
ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तारसे हवाएं चलने की आशंका है। मछुआरों को 15 नवंबर तक समुद्र से लौटने की सलाह दी गई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 15 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी का अनुमान है।