तूफान यागी से दक्षिण पूर्वी एशिया में मृतक संख्या 500 के पार पहुंची

बैंकाक. म्यांमा में पिछले हफ्ते आए तूफान यागी और मानसून की बारिश की वजह से आयी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 226 लोगों की मौत हो गई है तथा 77 लोग लापता हैं. सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी. इन आंकड़ों के बाद दक्षिण पूर्व एशिया में तूफान के कारण मृतक संख्या 500 के पार चली गई है. प्रभावित इलाकों में संचार संबंधी दिक्कतें हैं जिस वजह से हताहतों की तादाद पता लगाने का काम धीमा है.

आसियान मानवीय सहायता समन्वय केंद्र के मुताबिक, तूफान यागी ने सबसे पहले वियतनाम, उत्तरी थाईलैंड और लाओस को प्रभावित किया था. वियतनाम में करीब 300, थाईलैंड में 42 और लाओस में चार लोगों की मौत हुई थी. उसने कहा कि फिलीपीन में 21 लोगों की मौत हुई है तथा 26 अन्य लापता हैं.

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय ने सोमवार को बताया था कि म्यांमा में बाढ़ से अनुमानित 631,000 लोग प्रभावित हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि सितंबर की शुरुआत में म्यांमा में पहले से ही 34 लाख लोग विस्थापित थे जिनमें से ज्यादातर युद्ध एवं अशांति की वजह से विस्थापित हुए.

तूफान के कारण और मानसून की बारिश के कारण म्यांमा में व्यापक बाढ़ आ गई, विशेष रूप से मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के साथ-साथ राजधानी नेपीता भी सैलाब की चपेट में है. ‘म्यांमा एलिन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, 160,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और बाढ़ पीड़ितों के लिए 438 अस्थायी राहत शिविर खोले गए हैं. सैन्य सरकार ने घोषणा की है कि लगभग 240,000 लोग विस्थापित हो गए हैं. इसमें यह भी कहा गया कि बाढ़ से लगभग 130,000 मवेशी मारे गये तथा 259,000 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि जलमग्न है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button