INS विक्रांत पर आयोजित सम्मेलन में नौसेना के शीर्ष कमांडरों को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Mar 2023 06:20 PM
INS विक्रांत पर आयोजित सम्मेलन में नौसेना के शीर्ष कमांडरों को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय नौसेना के शीर्ष कमांडर सोमवार को स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर आयोजित एक प्रमुख सम्मेलन में भारत की समुद्री सुरक्षा चुनौतियों की व्यापक समीक्षा करेंगे. पहली बार कमांडरों का यह द्विवार्षिक सम्मेलन एक विमानवाहक पोत पर हो रहा है. इसे हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती उपस्थिति के बीच समुद्री क्षेत्र में भारत की प्राथमिकता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है.

नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में मौजूदा भू-रणनीतिक स्थिति के मद्देनजर सम्मेलन का अपना महत्व और प्रासंगिकता होगी. रक्षा मंत्री सिंह सम्मेलन के पहले चरण के तहत सोमवार को स्वदेशी विमानवाहक पोत पर नौसेना के कमांडरों को संबोधित करेंगे. सम्मेलन नौसेना कमांडरों के लिए सैन्य-रणनीतिक स्तर पर महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करने के एक प्लेटफार्म और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए एक संस्थागत मंच के रूप में कार्य करता है.

नौसेना ने कहा, ‘‘इस वर्ष कमांडरों के सम्मेलन का पहला चरण समुद्र में आयोजित किया जा रहा है. यह बात इस सम्मेलन की नवीनता है. साथ ही, पहली बार यह सम्मेलन भारत के प्रथम स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर आयोजित होना है.’’ प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और वायुसेना प्रमुख वी. आर. चौधरी भी सम्मेलन में शिरकत करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu