दिल्ली पुलिस ने अलकायदा मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, तीन राज्यों से 14 लोग हिरासत में…

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने झारखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से 14 लोगों को हिरासत में लेकर अलकायदा के एक आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का बृहस्पतिवार को दावा किया। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद राज्यों के पुलिस बलों के साथ मिलकर एक अभियान चलाया गया।

दिल्ली पुलिस के एक बयान में कहा गया, ‘‘मॉड्यूल का नेतृत्व रांची (झारखंड) का डॉ. इश्तियाक नामक व्यक्ति कर रहा था तथा उसकी देश के भीतर ‘खिलाफत’ की घोषणा करने और गंभीर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की मंशा थी।’’

बयान के अनुसार, आतंकवादी मॉड्यूल के सदस्यों को हथियार चलाने सहित विभिन्न स्थानों पर कई तरह का प्रशिक्षण दिया गया था। इसमें बताया गया कि राजस्थान के भिवाड़ी से छह लोगों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण लेते समय हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए झारखंड एवं उत्तर प्रदेश से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा और भी लोगों को हिरासत में लिए जाने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की जा रही है ताकि हथियार, गोला-बारूद और दस्तावेज बरामद किए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button