दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ायी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Jul 2024 08:04 PM
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ायी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अशांति फैलाये जाने संबंधी खुफिया सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है. सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिसर्किमयों के साथ अर्धसैनिक बलों की एक प्लाटून को भी गांधी के आवास के निकट तैनात किया गया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ गांधी की टिप्पणी को लेकर सोमवार को लोकसभा में हंगामा हुआ था.

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्य अशांति फैला सकते हैं जिसके बाद मध्य दिल्ली में कांग्रेस नेता के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. पुलिस को संदेह है कि लोग तख्तियां या होर्डिंग लेकर उनके घर के बाहर इकट्ठा हो सकते हैं. सूत्रों ने बताया कि स्थानीय पुलिस को 24 घंटे गांधी के आवास के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा गया है. गांधी को जेड प्लस की सुरक्षा प्राप्त है.

बुधवार को भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने पार्टी के विरूद्ध गांधी की टिप्पणियों को लेकर यहां विरोध प्रदर्शन किया था और उनसे माफी की मांग की थी. प्रदर्शनकारी जैसलमेर हाउस के पास इकट्ठा हुए थे और उन्होंने गांधी एवं उनकी पार्टी के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए अकबर रोड पर स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की थी. मध्य दिल्ली में 27 जून को एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के आवास के बाहर कुछ लोगों ने पोस्टर चिपकाए थे, जिसमें लोकसभा में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनके द्वारा लगाये गये नारे को लेकर उन्हें लोकसभा से निलंबित करने की मांग की गई थी. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu