दिल्ली पुलिस को जी20 बैठक के लिए बनाई गई परिसंपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए : भारद्वाज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Sep 2023 07:59 PM
दिल्ली पुलिस को जी20 बैठक के लिए बनाई गई परिसंपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए : भारद्वाज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को जोर दिया कि नगर पुलिस को जी20 शिखर सम्मेलन के लिए बनाई गई परिसंपत्तियों की सुरक्षा करनी चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बैठक संपन्न होने के बाद उनकी चोरी नहीं हो और न ही वे क्षतिग्रस्त हों. आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता भारद्वाज ने पीटीआई-भाषा को टेलीफोन पर दिए साक्षात्कार में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के लिए उचित योजना तैयार करनी होगी ताकि आम लोगों को असुविधा नहीं हो.

उन्होंने कहा, “यह अच्छी बात है कि दिल्ली में ऐसा आयोजन हो रहा है. लेकिन एक परेशानी भी है. पिछले 10 दिन से लोग ट्रैफिक जाम का सामना कर रहे हैं. अगर आप ऐसे आयोजनों के लिए लोगों से समर्थन चाहते हैं, तो यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें असुविधा नहीं हो. इसके लिए दिल्ली पुलिस और उसकी यातायात इकाई को उचित योजना बनानी चाहिए.” मंत्री ने कहा कि शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में बनाई गई परिसंपत्तियों की चोरी या छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.
शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली के सौंदर्यीकरण के लिए धन आवंटन के मुद्दे पर विवाद हो गया था.

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने सोमवार को दावा किया था कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल में दिल्ली के विकास के लिए कुछ नहीं किया और केंद्र ने जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों का लगभग सारा खर्च वहन किया. इस आरोप पर भारद्वाज ने दावा किया, ”मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि केंद्र ने कोई कोष नहीं दिया. मेरे पास एक फाइल है जिसमें मुख्य सचिव ने खुद लिखा है कि सभी विभागों को अपना पैसा खुद खर्च करना होगा. मनीष सिसोदिया (पूर्व उप-मुख्यमंत्री) ने शिखर सम्मेलन के लिए धन आवंटन की खातिर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा था. लेकिन केंद्र की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.” आप नेता ने केंद्र पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और जोर दिया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निर्देश दिया था कि कोई काम नहीं रुकना चाहिए.

भारी बारिश होने की स्थिति में तैयारियों के संबंध में भारद्वाज ने कहा, ”अगर दिल्ली में तीन दिन तक भी बारिश होती है, तो भी बाढ. की स्थिति नहीं बनेगी.” इस मानसून में राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बाढ. आई थी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था.

भारद्वाज के पास बाढ. और सिंचाई विभाग के अलावा स्वास्थ्य विभाग का भी जिम्मा है. उन्होंने जोर दिया कि जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सा आपातस्थिति के लिए वे पूरी तरह से तैयार हैं. उन्होंने कहा, “होटलों में 24 घंटे डॉक्टर तैनात रहेंगे. उन्नत जीवनरक्षक एम्बुलेंस काफिले के साथ रहेंगी. विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर भी एम्बुलेंस तैनात की गई हैं.” जी20 शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu