नयी दिल्ली. दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के वसंत कुंज उत्तर क्षेत्र में पुलिस के चलते हुए वाहन से कथित तौर पर कूदने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया. बुधवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस ने इन युवकों को हिरासत में लिया था. पीड़ितों के परिजनों ने हिरासत में मौत का आरोप लगाते हुए समालखा-कापसहेड़ा मार्ग को पूरी तरह से बाधित कर दिया और पुलिस पर पथराव किया.
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की न्यायिक जांच की जा रही है.
पुलिस की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार, यह घटना वसंत कुंज उत्तर थाने के पास उस समय हुई जब मंगलवार को हथियार और वाहन चोरी के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हवालात ले जाया जा रहा था.
पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे हेड कांस्टेबल बलबीर सिंह और कांस्टेबल नितेश यहां मोटरसाइकिल पर सवार होकर नियमित गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां देखी. दक्षिण-पश्चिम के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुरेंद्र चौधरी ने बताया, ”जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया.” गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विकास उर्फ मजनू (28) और रवि साहनी उर्फ रवि कालिया (19) के रूप में हुई. दोनों दिल्ली के समालखा निवासी हैं.
डीसीपी ने कहा, ”विकास के पास से एक देसी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया गया. जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे वह चोरी की पाई गई, जिसका पालम गांव थाने में मामला दर्ज था . मोटरसाइकिल रवि चला रहा था.” पुलिस ने कापसहेड़ा थाने में मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच करवाई और उन्हें सरकारी वाहन से वसंत कुंज नॉर्थ हवालात ले जाया गया.
इस बीच जब वाहन थाने के पास मोड़ा गया तो दोनों आरोपी भागने के प्रयास में धीमी गति से चल रही वैन से कूद गए.
पुलिस ने अपने बयान में बताया कि वाहन से कूदने के कारण दोनों घायल हो गए और आईजीआई अस्पताल ले जाने पर रवि साहनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि मामूली रूप से घायल हुए विकास का इलाज किया जा रहा है. डीसीपी यहां समालखा-कापसहेड़ा रोड पर धरना स्थल पर पहुंचे, जहां वाहनों की आवाजाही पर रोक थी.
डीसीपी ने कहा, ”हम प्रदर्शनकारियों से सड़क अवरुद्ध न करने का अनुरोध कर रहे हैं. हम यहां कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं.” कुछ परिजन ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया कि पुलिस ने उन दोनों को घर से उठाया और पूछताछ के लिए किसी जंगली इलाके में ले गई. परिजन ने कहा, ”हमें पता चला कि पुलिस टीम ने उनकी पिटाई की है और बाद में हमें फोन आया कि पुलिस उन दोनों को मेडिकल परीक्षण करवाने के लिए ले जा रही है. देर रात हमें पता चला कि रवि साहनी की मौत हो गई है. हम उनकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं.”