गोवा जेटी पर छह मछुआरों की मौत के बाद डेंगू और हैजे के मामले बढ़े: स्वास्थ्य मंत्री

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Sep 2024 12:52 PM
गोवा जेटी पर छह मछुआरों की मौत के बाद डेंगू और हैजे के मामले बढ़े: स्वास्थ्य मंत्री
ऑडियो सुनें

पणजी: गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बृहस्पतिवार को कहा कि कटबोना गांव में एक जेटी पर डेंगू और हैजे के मामलों में वृद्धि हुई है। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति पर नजर रखने तथा स्थिति को नियंत्रित करने को कहा है। यहां इस सप्ताह के शुरूआत में निर्जलीकरण से छह मछुआरों की मौत हो गई थी।

राणे ने मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य सचिव को दक्षिण गोवा जिले में स्थित कटबोना जेटी की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस सप्ताह की शुरूआत में कटबोना गांव में मछली पकड़ने के बाद लौटे मछुआरों की निर्जलीकरण से मृत्यु के बाद बुधवार को उनके परिजनों को पांच-पाच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।

सावंत ने बुधवार को राज्य के पर्यावरण मंत्री एलेक्सो सेक्वेरा और स्थानीय विधायक क्रूज सिल्वा के साथ स्थिति का जायजा लेने के लिए जेटी का दौरा किया। राणे ने कहा कि नगर निगम प्रशासन निदेशालय को स्थिति की निगरानी और नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि तटीय राज्य के दोनों जिला अस्पतालों और गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों की देखभाल की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने कहा कि मछुआरा समुदाय के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए राज्य में होटलों, रेस्तरां और सड़क किनारे दुकानों का निरीक्षण करेगा।

राणे ने बताया कि जागरूकता के लिए स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने मछली पकड़ने वाली नावों पर कार्य करने वालों को ‘क्या करें और क्या न करें’ संबंधी ‘पर्चे’ तथा साथ ही ‘ओरल रिहाईड्रेट सोलुशन’ (ओआरएस) किट और ‘एंटीबायोटिक्स’ भी वितरित किए हैं।

संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा खुले कुओं में क्लोरीन डाला जा रहा है और नाव मालिकों के साथ कई बैठकें भी की गई हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों के लिए अलग वार्ड आवंटित किए गए हैं तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की टीमें भी प्रतिदिन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं। राणे ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सावंत के निर्देशों का पालन करते हुए हम स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हरसंभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध हैं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav