डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख गुरमीत राम रहीम ‘फरलो’ पर रोहतक की जेल से बाहर आया

चंडीगढ़. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और बलात्कार मामले में दोषी राम रहीम सिंह 21 दिन की ‘फरलो’ (छुट्टी) मिलने के बाद मंगलवार को हरियाणा के रोहतक जिले में स्थित सुनारिया जेल से बाहर आया. इस साल यह जेल से सिंह की तीसरी अस्थायी रिहाई है. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सिंह (56) अपराह्न करीब दो बजे जेल से बाहर आया.

अस्थायी रिहाई की अवधि के दौरान सिंह उत्तर प्रदेश के बागपत के बर्नावा में स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाएगा. डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय हरियाणा के सिरसा में है. सिंह ने फरलो के लिए आवेदन किया था. वह अपनी दो शिष्या से बलात्कार के लिए 20 वर्ष के कारावास की सजा काट रहा है.

इस बीच, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने डेरा प्रमुख को 21 दिन का फरलो देने के हरियाणा सरकार के कदम पर कड़ी आपत्ति जताई है और कहा है कि वह बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों के लिए सजा काट रहा है.
धामी ने कहा कि इससे सिख समुदाय के बीच अविश्वास के माहौल को बढ़ावा मिल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि डेरा प्रमुख को बार-बार जेल से अस्थायी रिहाई दी जा रही है, लेकिन सरकारें ‘बंदी सिंह’ (सिख कैदियों) की रिहाई के लिए सिख समुदाय द्वारा उठाई गई आवाज नहीं सुन रही हैं.

इससे पहले डेरा प्रमुख 30 जुलाई को 30 दिन की पैरोल पर सुनारिया जेल से बाहर आया था. डेरा प्रमुख को जनवरी में 40 दिन की पैरोल दी गई थी. पिछले साल अक्टूबर में भी उसे 40 दिन की पैरोल दी गई थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button