पाकिस्तान के साथ सहमति बनने के बावजूद पड़ोसी देश से साइबर हमले जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 10:29 PM
पाकिस्तान के साथ सहमति बनने के बावजूद पड़ोसी देश से साइबर हमले जारी
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारत और पाकिस्तान के बीच एक दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी सहमति के बाद भी, भारत सरकार की वेबसाइट को पड़ोसी देश के साथ-साथ बांग्लादेश और पश्चिम एशियाई देशों से साइबर हमलों का सामना करना पड़ रहा है. महाराष्ट्र के साइबर अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद 15 लाख साइबर हमले किए गए, लेकिन केवल 150 ही सफल हुए. महाराष्ट्र साइबर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन दावों को खारिज कर दिया कि हैकर ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आंकड़ों की चोरी की है, विमानन और नगर निगम प्रणालियों को हैक किया है और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट को निशाना बनाया है.

महाराष्ट्र साइबर राज्य सरकार के अधीन एक नोडल कार्यालय है जो साइबर अपराध की जांच और सुरक्षा के रखरखाव के लिए जिम्मेदार है. अधिकारी ने कहा, ”जांच में पाया गया कि भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई समाप्त होने के बाद भारत में (सरकारी वेबसाइट पर) साइबर हमले कम हुए, लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं हुए. ये हमले पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मोरक्को और पश्चिम एशियाई देशों से जारी हैं.” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र साइबर ने सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है और 83 फर्जी समाचार पोस्ट में से 38 को हटा दिया है.

अधिकारी ने बताया कि साइबर विभाग ”नेशन फर्स्ट फैक्ट फर्स्ट” अभियान के तहत सशस्त्र बलों और भारत सरकार से संबंधित फर्जी खबरों के खिलाफ कार्रवाई करेगा. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में नागरिकों में जागरूकता फैलाने के लिए सर्मिपत हेल्पलाइन शुरू की गई हैं. नागरिक तत्काल मदद के लिए 1945 और 1930 डायल कर सकते हैं. अधिकारी ने बताया कि आपात स्थिति में कॉल प्राप्त होने के बाद विश्लेषक कॉल करने वाले से संपर्क करते हैं. उन्होंने बताया कि करीब 100 फोन लाइनें एक साथ काम कर रही हैं. अधिकारी ने बताया कि 1930 और 1945 दोनों नंबरों पर प्रतिदिन 7,000 कॉल आती हैं.

उन्होंने बताया कि साइबर अधिकारियों ने साइबर जालसाजों के खिलाफ समय पर कार्रवाई करके 2019 से अब तक 600 करोड़ रुपये बचाए हैं; गत छह महीनों में ही 200 करोड़ रुपये बचाए गए हैं. इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में 39 वर्षीय सीए छात्र को ‘एक्स’ पर सात खातों के जरिए हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी कथित तौर पर 2021 से हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहा था. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद मेधा कुलकर्णी ने यह मुद्दा मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के संज्ञान में लाया था. अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र साइबर ने लाओस में साइबर गुलामी में फंसे राज्य के छह युवकों को बचाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu