हार्दिक, कुलदीप की शानदार गेंदबाजी के बावजूद आस्ट्रेलिया ने दिया 270 रन का लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Mar 2023 06:58 PM
ऑडियो सुनें

चेन्नई. हार्दिक पंड्या के शानदार शुरूआती स्पैल और कुलदीप यादव की फिरकी ने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर लगाम कसी लेकिन उसके पुछल्ले बल्लेबाजों ने बुधवार को यहां तीसरे और अंतिम वनडे में भारत के खिलाफ 49 ओवर में सिमटने से पहले 269 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में मदद की।

पंड्या (आठ ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट) ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को आउट किया तो कुलदीप ने चेन्नई की मददगार पिच पर ऐसी शानदार गेंद पर एलेक्स कैरी को आउट किया जो ‘बॉल आॅफ द सीरीज’ रही। बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप की लेग ब्रेक गेंद पर कैरी चकमा खाकर बोल्ड हुए और इस भारतीय गेंदबाज की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

आस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 138 रन था लेकिन कैरी और मार्क स्टोइनिस (25) के बीच छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी तथा सीन एबोट (26) और एशटन एगर (17) के बीच आठवें विकेट के लिये 42 रन की साझेदारी से मेहमान टीम ने दबदबा बनाया। फिर मिचेल स्टार्क और एडम जम्पा ने अंतिम विकेट के लिये महत्वपूर्ण 22 रन जोड़े।

आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया जिसके बाद मिचेल मार्श (47 गेंद में 47 रन) और ट्रेविस हेड (31 गेंद में 33 रन) ने पहले विकेट के लिये 68 रन जोड़कर इसे सही साबित किया। पर पंड्या ने अपने पहले तीन ओवरों में तीन अलग अलग तरह की गेंदों पर विकेट झटककर लय पूरी तरह से मेजबान टीम के पक्ष में कर दी।

डेविड वॉर्नर (31 गेंद में 23 रन) और मार्नस लाबुशेन (45 गेंद में 28 रन)को अपने शॉट चयन का खामियाजा भुगतना पड़ा और दोनों कुलदीप की गेंदों का शिकार बने। एलेक्स कैरी ने 46 गेंद में 38 रन जोड़ लिये थे, पर वह भारत के स्टार के स्पिनर के झांसे में फंसकर पवेलियन पहुंच गये। पहले दो मैचों में शानदार पारी खेलने वाले मार्श ने यही लय जारी रखी और पहले पावरप्ले में चौकों (आठ) की झड़ी लगा दी और एक छक्का जड़ा। हेड ने भी मिले मौकों पर रन जुटाये।

शुभमन गिल इस दौरान कैच छोड़कर हेड को आउट करने का मौका गंवा बैठे, पर फिर पंड्या की ‘बैक आॅफ द लेंथ’ गेंद पर इस बल्लेबाज ने डीप थर्ड मैन पर जोरदार शॉट लगाने के प्रयास किया और कुलदीप ने यह कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। स्टीव स्मिथ (शून्य) का इस दौरे पर लचर प्रदर्शन जारी रहा जो शायद उनकी भारत में अंतिम पूर्ण श्रृंखला होगी। पंड्या की फुल लेंथ गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्टंप के पीछे केएल राहुल के हाथों में पहुंच गयी।

पंड्या ने दोनों विकेट अलग तरह की गेंदों पर झटकने के बाद ‘गुड लेंथ’ गेंद पर मार्श को बोल्ड किया जो श्रृंखला में अर्धशतक की हैट्रिक करने की कोशिश में जुटे थे। वॉर्नर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये उतरे, उन्होंने लाबुशेन के साथ 40 रन जोड़े। वह कुलदीप की गेंद पर बल्ला छुआकर लांग आन में पंड्या को आसान कैच दे बैठे। लाबुशेन ने वॉर्नर की गलती से कोई सबक नहीं लिया और वह भी इसी तरह का शॉट खेलकर आउट हुए। इसके बाद निचले क्रम ने आस्ट्रेलिया को अच्छा स्कोर बनाने में मदद की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu