सुरकंडा देवी मंदिर के रोपवे में खराबी आने से विधायक समेत श्रद्धालु बीच हवा में लटके

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Jul 2022 07:44 PM
सुरकंडा देवी मंदिर के रोपवे में खराबी आने से विधायक समेत श्रद्धालु बीच हवा में लटके
ऑडियो सुनें

देहरादून. उत्तराखंड में मसूरी के पास स्थित सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर के रोपवे में रविवार को तकनीकी खराबी आ जाने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक किशोर उपाध्याय सहित करीब 40 से 50 श्रद्धालु कुछ देर तक बीच हवा में फंसे रहे.
टिहरी के विधायक उपाध्याय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंदिर में देवी के दर्शन के बाद शाम को लौटते समय रोपवे ट्रॉली अचानक बीच हवा में रुक गई, जिससे सभी श्रद्धालुओं की सांसें अटक गईं.

उन्होंने बताया कि लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद संचालनकर्ताओं ने रोपवे को ठीक किया, जिसके बाद श्रद्धालु नीचे आ पाए.
रोपवे का संचालन बहाल कर दिया गया है. हांलांकि, उपाध्याय का कहना है कि इसे पूरी तरह से जांच-परख लेने के बाद ही दोबारा चलाया जाना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं की जान जोखिम में न पड़े.

करीब दो माह पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी ने टिहरी जिले में स्थित इस रोपवे सेवा का उद्घाटन किया था. उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित यह पहली महत्वपूर्ण रोपवे परियोजना है. पांच करोड़ रुपये की लागत से बने 502 मीटर लंबे सुरकंडा रोपवे के शुरू होने से श्रद्धालु कद्दूखाल से मात्र 10 मिनट में आसानी से मां सुरकंडा देवी के मंदिर तक पहुंच जाते हैं. इससे पहले श्रद्धालुओं को डेढ़ किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती थी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu