अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक में आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा पर चर्चा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 10:00 PM
अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक में आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा पर चर्चा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें आंतरिक सुरक्षा, मादक पदार्थों के वित्त पोषण (नार्को फाइनेंस) आतंकवाद और साइबर सुरक्षा पर चर्चा की गई. दो दिवसीय सम्मेलन में शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उभरती चुनौतियों पर भी चर्चा की. केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति सम्मेलन का उद्घाटन किया.

अधिकारियों ने कहा कि सम्मेलन के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें आतंक के रुझान, भारत में नार्को-फाइनेंसिंग, जांच में फोरेंसिक विज्ञान का उपयोग, सामाजिक चुनौतियां, परमाणु और रेडियोलॉजिकल अत्यावश्यकताओं के लिए आपातकालीन तैयारी एवं साइबर सुरक्षा ढांचा शामिल है.

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र के सभी पहलुओं को मजबूत करके एक सुरक्षित राष्ट्र सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. गृह मंत्री ने नागरिकों और भारत की सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों के अलावा मादक पदार्थों की तस्करी के खतरे से निपटने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.

इस क्षेत्र में विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने सभी राज्यों और एजेंसियों से मादक पदार्थ के तस्करों और उनके गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को जारी रखने का आग्रह किया. गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि सम्मेलन में मौजूदा और उभरती राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए मिश्रित तरीके (हाइब्रिड मोड) से पुलिस नेतृत्व, विशेषज्ञों और अत्याधुनिक तकनीकी से लैस पेशेवरों ने शिरकत की. इस सम्मेलन में 750 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से हिस्सा लिया. शाह शुक्रवार को सम्मेलन के समापन सत्र को भी संबोधित करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu