राजस्थान में विभागों का बंटवारा, गृह और आयोजना विभाग मुख्यमंत्री शर्मा के पास

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Jan 2024 06:34 PM
राजस्थान में विभागों का बंटवारा, गृह और आयोजना विभाग मुख्यमंत्री शर्मा के पास
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान में नवगठित मंत्रिपरिषद के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा शुक्रवार को कर दिया जिसमें गृह एवं आयोजना जैसे प्रमुख विभाग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पास रखे हैं. मंत्रिमंडल सचिवालय ने मंत्रियों को विभागों के कार्यभार सौंपने की सूची जारी की.

इसके अनुसार मुख्यमंत्री शर्मा ने कार्मिक विभाग, आबकारी विभाग, गृह विभाग, आयोजना विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ साथ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को अपने पास रखा है. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को वित्त विभाग, पर्यटन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा महिला व बाल विकास विभाग दिए गए हैं. साथ ही कला, साहित्य, संस्कृति व पुरातत्व विभाग भी उनके पास रहेगा.

वहीं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा को तकनीकी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, परिवहन व सड़क सुरक्षा तथा आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विभाग दिए गए हैं. कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल को कृषि व उद्यानिकी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आपदा प्रबंधन व नागरिक सुरक्षा विभाग तथा जन अभियोग निराकरण विभाग दिया गया है.

गजेंद्र सिंह खींवसर को चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग व चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाएं ईएसआई, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को उद्योग व वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी व संचार विभाग, युवा मामले व खेल विभाग, कौशल नियोजन व उद्यमिता विभाग व सैनिक कल्याण विभाग दिया गया है. विद्यालयी शिक्षा, पंचायती राज विभाग व संस्कृत शिक्षा विभाग मदन दिलावर को दिया गया है.

वहीं कन्हैयालाल को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व भूजल विभाग, जोगाराम पटेल को संसदीय कार्य विभाग व न्याय विभाग दिया गया है तो सुरेश सिंह रावत को जल संसाधन विभाग, अविनाश गहलोत को सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग, सुमित गोदारा को खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग तथा उपभोक्ता मामले विभाग एवं जोराराम कुमावत को पशुपालन व डेयरी विभाग, गोपालन विभाग तथा देवस्थान विभाग का जिम्मा दिया गया है.

कैब­निेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग व गृह रक्षा विभाग तथा हेमंत मीणा को राजस्व विभाग व उपनिवेशन विभाग दिया गया. उपरोक्त सभी मंत्री कैबिनेट मंत्री हैं. राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की बात की जाए तो सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को कृषि विपणन विभाग, इंदिरा गांधी नहर विभाग व अल्पसंख्यक मामलात व वक्फ विभाग दिया गया है. उल्लेखनीय है कि टीटी इस समय करणपुर विधानसभा सीट से सत्तारूढ़ भाजपा के प्रत्याशी हैं जहां शुक्रवार को मतदान हुआ.

इस श्रेणी में राज्यमंत्री संजय शर्मा को वन विभाग, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग तथा विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग, गौतम कुमार को सहकारिता विभाग व नागरिक उड्डयन विभाग, झाबर सिंह खर्रा को नगरीय विकास विभाग तथा हीरालाल नागर को ऊर्जा विभाग दिया गया है. इसके अलावा पांच राज्य मंत्रियों को भी विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. इससे पहले राज्यपाल कलराज मिश्र ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा मंत्रीपरिषद के विभागों के बंटवारे के प्रस्ताव का शुक्रवार को अनुमोदन किया है.

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में मंत्रिपरिषद का विस्तार 30 दिसंबर को हुआ जब 12 कैबिनेट व 10 राज्य मंत्री बनाए गए. इनमें पांच राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं. इससे पहले शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ नवनिर्वाचित विधायक दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. मुख्यमंत्री को मिलाकर इस समय राज्य में कुल 25 मंत्री हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu