डुप्लेसी, कोहली और मैक्सवेल ने आरसीबी को 212 तक पहुंचाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Apr 2023 10:20 PM
डुप्लेसी, कोहली और मैक्सवेल ने आरसीबी को 212 तक पहुंचाया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. कप्तान फाफ डु प्लेसी, विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल के आक्रामक अर्धशतकों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ सोमवार को यहां आईपीएल के मैच में दो विकेट पर 212 रन बनाये . डु प्लेसी 46 गेंद में 79 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कोहली ने 44 गेंद में 61 रन बनाये . दोनों ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पहले विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की .

धीमी शुरूआत के बाद कोहली ने दूसरे ओवर में आवेश खान को एक छक्का और एक चौका लगाकर रनगति को बढाया . आवेश के अगले ओवर में कोहली ने तीन चौके जड़े . इसके अगले ओवर में उन्होंने कृणाल पंड्या को छक्का लगाया . कोहली ने मार्क वुड को सिर के ऊपर से चौका लगाया और फिर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा . उन्होंने नौवें ओवर में रवि बिश्नोई की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया .

आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने कोहली के सहायक की भूमिका निभाते हुए ढीली गेंदों को नसीहत दी . कोहली 12वें ओवर में अमित मिश्रा की गेंद पर स्क्वेयर लेग में मार्कस स्टोइनिस को कैच देकर लौटे . डुप्लेसी को जमने में समय लगा लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने आते ही मिश्रा को चौका और छक्का लगाकर अपने तेवर जाहिर कर दिये . उन्होंने 29 गेंद में 59 रन की पारी खेली .

डुप्लेसी ने बिश्नोई को 15वें ओवर में तीन छक्के जड़े . उन्होंने वुड को छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया . उन्होंने 18वें ओवर में जयदेव उनादकट की गेंदों पर चौकों छक्कों की बौछार करके 23 रन लिये . मैक्सवेल ने आवेश को लगातार दो छक्के जड़कर सिर्फ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया . दोनों की शतकीय साझेदारी सिर्फ 44 गेंद में पूरी हो गई . मैक्सवेल 19वें ओवर में वुड की गेंद पर आउट हुए .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu