राजस्थान को निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बनाने का प्रयास जारी: मुख्यमंत्री शर्मा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार प्रदेश को निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यहां ‘विप्रो हाइड्रोलिक प्लांट’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों का पूरा सहयोग करेगी। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार नवाचारों तथा नई नीतियों के जरिये राजस्थान को निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बनाने का प्रयास कर रही है। राज्य की नीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे निर्यात व ‘लॉजिस्टिक इको सिस्टम’ बेहतर होगा। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे राज्य में अधिक से अधिक निवेश करें। सरकार बिजली, पानी, जमीन सहित हर क्षेत्र में उनकी मदद करेगी, जिससे ‘विकसित राजस्थान का सपना पूरा हो सके। उन्होंने नौ से 11 दिसंबर तक जयपुर में आयोजित होने वाले ‘राइजिंग राजस्थान’ निवेशक सम्मेलन के लिए निवेशकों को आमंत्रित भी किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button