अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को ब्रुकलिन इलाके में हुई इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान चलाया गया। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि आठ लोगों की मौत के बाद उनके पास इस दुख को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने पुष्टि की कि आठ न्यूयॉर्कवासियों की मौत से उनका दिल टूट गया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, बचावकर्मी कल हुई इमारत ढहने की घटना वाली जगह पर पूरी रात तलाश करते रहे। वे बेहद खतरनाक हालात में काम कर रहे थे। उनका मकसद मलबे में फंसे किसी भी व्यक्ति को ढूंढना और बचाना था।
उन्होंने कहा, आठ न्यूयॉर्कवासियों की जान जा चुकी है। कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। इस तरह के बड़े नुकसान के लिए कोई शब्द नहीं हैं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों और प्रियजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों और आज दुख झेल रहे सभी लोगों के साथ भी मेरी संवेदनाएं हैं। बचाव अभियान अभी जारी है।
ममदानी ने कहा, कृपया घटनास्थल से दूर रहें। प्रभावित लोगों और अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य कर रहे कर्मचारियों को अपनी दुआओं में याद रखें। अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, जिसके इस हादसे से प्रभावित होने की आशंका है, तो 311 पर कॉल करें। अगर आप न्यूयॉर्क शहर से बाहर हैं, तो 212-639-9675 पर फोन करें।
चश्मदीद इमैनुएला कैरिलस ने बताया, मैं सचमुच इस इमारत के ठीक पीछे रहती हूं। ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो। इसके बाद बहुत सारे लोगों के चीखने की आवाज सुनाई दी। एक अन्य चश्मदीद ने अपनी पहचान सिर्फ डैशिक बताई। उन्होंने स्थानीय टीवी चैनल से बातचीत में कहा, मैंने ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा। हादसे के बाद मलबे से एक महिला को बचाया गया। महिला को मलबे से निकालते हुए कैमरे में भी रिकॉर्ड किया गया था। उसके पति ने सीबीएस न्यूज से कहा, वह जिंदा है। वह अभी भी जिंदा है। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। आप सभी का धन्यवाद। वह छह महीने की गर्भवती है।