मोदी सरकार के हाथों की कठपुतली बन गया है निर्वाचन आयोग : खरगे

थरूर पर खरगे का कटाक्ष : कुछ लोगों के लिए 'मोदी फर्स्ट', हमारे लिए देश पहले है

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग को नरेन्द्र मोदी सरकार के हाथों की कठपुतली बन जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि चुनाव प्रक्रिया में ‘खामियों’ का विषय आयोग के समक्ष उठाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

उन्होंने पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि मत पत्र से चुनाव कराए जाने चाहिए.
खरगे ने कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में संवाददाताओं से कहा, ”निर्वाचन आयोग सरकार के हाथों की कठपुतली बन गया है…आपके पास एक कठपुतली है और आप (प्रधानमंत्री मोदी) दावा करते हैं कि आप चुनाव जीत रहे हैं. आप चुनाव नहीं जीत रहे हैं, आपकी मशीन जीत रही है.” उन्होंने महाराष्ट्र को लेकर दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया में खामियां हैं.

उनका कहना था, ”निर्वाचन आयोग से पहले हमने मतपत्र की मांग की थी. क्या उसने यह किया? मोदी जी जो कहते हैं वही आप (आयोग) करते हैं. आप जो मोदी जी के लिए कर रहे हैं, उसके लिए धन्यवाद.” कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”हमने पूरी कोशिश की, कानून के तहत की. अगर सरकार ने ठान लिया है कि जो गलती हो रही है उसे आगे लेकर चलना है और आयोग उन्हीं के इशारे पर चलता है तो इसकी दवा सिर्फ जनता दे सकती है. हम जनता के पास बार-बार जाएंगे. हम लड़ते रहेंगे.” खरगे ने इस बात पर जोर दिया, ”जब सारी दुनिया मतपत्र पर चल रही है तो आप क्यों नहीं चल रहे? हमारी मांग है कि मतपत्र से चुनाव कराए जाएं. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कई देशों में मत पत्र से चुनाव होते हैं. हम यह मांग करते रहेंगे.”

थरूर पर खरगे का कटाक्ष : कुछ लोगों के लिए ‘मोदी फर्स्ट’, हमारे लिए देश पहले है

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी सांसद शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ किए जाने को लेकर बुधवार को  उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए ‘मोदी फर्स्ट’ है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल के लिए देश सबसे पहले हैं. थरूर ने सोमवार को एक अंग्रेजी दैनिक के लिए लिखे लेख में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऊर्जा, उनका बहुआयामी व्यक्तित्व और संवाद की तत्परता वैश्विक मंच पर भारत के लिए एक ”अहम पूंजी” बनी हुई है, लेकिन इसे अधिक सहयोग एवं समर्थन की जरूरत है.

थरूर द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ किए जाने के बारे में पूछने पर, खरगे ने संवाददाताओं से तंज भरे लहजे में कहा, ”अंग्रेजी मुझे पढ़नी नहीं आती. उनकी भाषा बहुत अच्छी है. इसलिए तो उन्हें पार्टी की कार्य समिति का सदस्य बनाया है.” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ”सभी विपक्षी दलों ने कहा कि हम देश की सेना के साथ हैं. पहले मैंने गुलबर्ग में यह कहा था कि देश सबसे बड़ा है, सब मिलकर आवाज उठाएंगे. हमने कहा था कि देश पहले है. चंद लोग ऐसे हैं जिनके लिए ‘मोदी फर्स्ट’ और देश बाद में हैं. अब हम क्या करें?.”

थरूर की टिप्पणी से संबंधित एक अन्य सवाल पर खरगे ने कहा, ”जिसको जो लिखना आता है वह लिखेंगे, उसको लेकर हम अपना दिमाग नहीं लगाना चाहते हैं. हमारा एक लक्ष्य है कि देश में एकता रहे, देश की सुरक्षा रहे. देश के लिए हम लड़ते रहेंगे, किसी की बात पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है.” कांग्रेस अध्यक्ष की इन टिप्पणियों के बाद थरूर ने किसी का नाम लिए बगैर ‘एक्स’ पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट किया. उन्होंने एक चिड़िया की तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, ”उड़ने की इजाजत मत मांगो. पंख तुम्हारे हैं, आसमान किसी का नहीं है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button