मुंबई स्थित फिल्म सिटी में धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर आग लगी, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Jun 2025 10:44 PM
मुंबई स्थित फिल्म सिटी में धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर आग लगी, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई स्थित फिल्म सिटी में लोकप्रिय धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर सोमवार सुबह आग लग गई. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया है. दमकल विभाग के अनुसार, यह घटना हिंदी धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर हुई, जिसमें मशहूर कलाकार रुपाली गांगुली मुख्य किरदार में हैं. बीएमसी अधिकारियों ने पहले किसी और सेट पर आग लगने की जानकारी दी थी.

अधिकारियों ने बताया कि बीएमसी के दमकल विभाग को सुबह छह बजकर 10 मिनट पर गोरेगांव (पूर्व) इलाके में स्थित दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी (फिल्म सिटी) में मराठी बिग बॉस के सेट के पीछे बने टेलीविजन धारावाहिक के सेट के एक क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली.

बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि आग ‘अनुपमा’ (धारावाहिक) स्टूडियो के 5,000 वर्ग फुट क्षेत्र में बिजली के तारों और प्लास्टिक, लोहे और सजावटी सामग्री, कैमरों, परिधानों, प्रकाश व्यवस्था और स्टूडियो उपकरणों तक ही सीमित थी. दमकल की चार गाड़ियां और इतने ही टैंकर मौके पर भेजे गए. घटनास्थल पर एक सहायक संभागीय अग्निशमन अधिकारी और तीन स्टेशन अधिकारियों को तैनात किया गया. अधिकारी ने बताया कि सुबह सवा 10 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया. आग लगने की वजह का अभी पता नहीं लगा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu