पहले बंद, उग्रवाद के लिए कुख्यात पूर्वोत्तर ने पिछले 10 वर्षों में तेजी से प्रगति की : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 07:36 PM
पहले बंद, उग्रवाद के लिए कुख्यात पूर्वोत्तर ने पिछले 10 वर्षों में तेजी से प्रगति की : नड्डा
ऑडियो सुनें

ईटानगर. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बुधवार को दावा किया कि जो पूर्वोत्तर पहले बंद संस्कृति, उग्रवाद और लक्षित हत्याओं के लिए जाना जाता था, उसने (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी सरकार के पिछले दस वर्षों में तेजी से प्रगति की है. उन्होंने 19 अप्रैल को पूर्वोत्तर राज्य में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया.

नड्डा ने कहा, “पूर्वोत्तर को दशकों तक उपेक्षित रखा गया था और 2014 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के सत्ता में आने के बाद एक बड़ा बदलाव देखा गया है. यह क्षेत्र अब प्रगति, विकास और समृद्धि के लिए जाना जाता है.” उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार बिजली, पर्यटन, इंटरनेट संपर्क, कृषि और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए काम कर रही है.

घोषणापत्र में मजबूत बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और जवाबदेह शासन के निर्माण का वादा किया गया है. नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार रोडवेज, रेलवे और वायुमार्ग क्षेत्रों में परियोजनाओं को लागू करके राज्य में ‘मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी’ और एकीकृत ढांचागत विकास को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्षों के लिए ‘अरुणाचल प्रदेश गति शक्ति’ मास्टर प्लान शुरू करेगी.

उन्होंने कहा, “भाजपा घोषणापत्र में किये गये वादों को अक्षरश: क्रियान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है. हमने जो वादा किया था वह पूरा कर चुके हैं और जो वादा नहीं किया था उसे भी पूरा कर दिया है.” नड्डा ने कहा, घोषणापत्र महज एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि अगले पांच वर्षों में राज्य में विकासात्मक गतिविधियों की गति निर्धारित करने की एक कार्ययोजना है. केंद्र की राजग सरकार को पूर्वोत्तर के विकास के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए, भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश तभी बढ़ेगा जब क्षेत्र विकसित होगा.

नड्डा ने कहा, “प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी हमेशा पूर्वोत्तर को प्राथमिकता देते हैं. पिछले 10 वर्षों में उन्होंने इस क्षेत्र को अन्य क्षेत्रों के बराबर लाने के लिए कई पहल कीं.” उन्होंने कहा, “मोदी के नेतृत्व में अरुणाचल प्रदेश विकास की एक नई सुबह देखेगा. प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर के लिए 10,000 करोड़ रुपये की उन्नति योजना शुरू की है और इस अभिनव पहल के तहत क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा.” उन्नति योजना का उद्देश्य पूर्वोत्तर में नए उद्योगों के विकास को बढ़ा कर दक्षिण पूर्व एशिया के साथ व्यापार व वाणिज्य को बढ़ावा देना है.

घोषणापत्र के बारे में विस्तार से बताते हुए, नड्डा ने कहा कि सरकार ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ के तहत किसानों को वार्षिक वित्तीय सहायता 600 रुपये से बढ़ाकर 900 रुपये करेगी. उन्होंने कहा, “हम स्नातक या व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाली प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये की संचयी सहायता प्रदान करने के लिए ‘दुलारी कन्या’ योजना को नया स्वरूप देंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 400 रुपये प्रति सिलेंडर की दर पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा.”

उन्होंने कहा, सरकार ड्रोन के जरिए 500 से अधिक दूरदराज के गांवों में जीवन रक्षक दवाएं और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाएगी.
उन्होंने कहा, “हम युवाओं और महिलाओं के लिए 25,000 रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करेंगे.” नड्डा ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के लिये प्रतिबद्ध है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu