बीजापुर जिले से पांच नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग स्थानों से पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के गंगालूर और फरसेगढ़ थाना क्षेत्र से पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि जिले में जारी नक्सल विरोधी अभियान के तहत डीआरजी बीजापुर और गंगालूर थाने के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था.

उनके मुताबिक, दल जब पुसनार गांव के करीब था तब सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर चार नक्सलियों मंगी पूनेम (26), सोनी पोटाम (35), सांदे पोटाम (29) और विकेश पोटाम (34) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से टिफिन बम, जिलेटिन की छड़ें, माओवादी पर्चे और इले्ट्रिरक फ्यूज वायर बरामद किया गया है.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली बारूदी सुरंग बिछाने, मार्ग अवरूद्ध करने और पोस्टर-बैनर लगाने की घटनाओं में शामिल थे.
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सागमेटा गांव के करीब से एक नक्सली बेड़जा सुक्कू (32) को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि नक्सली के खिलाफ ग्रामीण की हत्या में शामिल होने का आरोप है. अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button