ओडिशा के अस्पताल में कुछ घंटों के भीतर पांच मरीजों की मौत, जांच के आदेश

कोरापुट: ओडिशा के कोरापुट में शहीद लक्ष्मण नायक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित लापरवाही के कारण पांच मरीजों की मौत के बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती दो पुरुषों और तीन महिलाओं की कुछ घंटों के अंतराल में मौत हो गई। मृतक मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें कोई टीका दिया गया, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

अस्पताल के अधीक्षक सुशांत कुमार साहू ने बताया कि मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सभी विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। मंगलवार रात जिन मरीजों की मौत हुई, वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थे। प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लगता कि मौत किसी गलत टीके के कारण हुई। हालांकि, हम आरोपों की जांच करेंगे।’’

अधिकारियों के मुताबिक, तीन मरीजों की मौत गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) में हुई, जबकि दो अन्य ने सामान्य वॉर्ड में दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतक मरीजों के परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस की तैनाती की गई। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button