पुलवामा हमले को पांच साल हुए, आखिर शहीदों को न्याय कब मिलेगा: राहुल

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर बुधवार को सवाल किया कि इस घटना को पांच साल बीत गए, लेकिन शहीदों को न्याय कब मिलेगा. राहुल गांधी ने इस हमले में शहीद हुए कुछ जवानों के परिवारों के साथ अपनी हालिया मुलाकात का एक वीडियो भी ‘एक्स’ पर साझा किया.

उन्होंने कहा, ”पुलवामा हमले के 5 वर्ष. न कोई सुनवाई, न कोई उम्मीद और अनगिनत सवाल जिनका अभी तक कोई उत्तर नहीं मिला. आखिर शहीदों को न्याय कब. शहीद परिवारों की पीड़ा सुनिए और समझिए.” दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हो गए थे. एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन से सीआरपीएफ की बस को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद हुए विस्फोट में बल के 40 जवान शहीद हो गए थे. यह बस जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा थी. इसके जवाब में भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया था.

Related Articles

Back to top button