बीजापुर में चार नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Jun 2025 07:49 PM
बीजापुर में चार नक्सली गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के फरसेगढ़ थानाक्षेत्र में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों मांडो कुरसम (30), कैलाश कुरसम (30), पांडु कुरसम (30) और छोटू कुरसम (21) को गिरफ्तार किया.

उन्होंने बताया कि जिले में नक्सल रोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में गश्त के लिए रवाना किया गया था.
अधिकारियों ने बताया कि गश्त के दौरान दल ने कोपनझर्री गांव के जंगल से चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में से मांडो कुरसम के खिलाफ पिछले वर्ष 15 मई को फरसेगढ़ थाना प्रभारी के वाहन में विस्फोट करने की घटना में शामिल होने का आरोप है. इस घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ था और वाहन में सवार थाना प्रभारी आकाश मसीह और प्रधान आरक्षक संजय बाल-बाल बच गये थे.

अधिकारियों ने बताया कि मांडो के खिलाफ इस वर्ष 12 अप्रैल को भी बारूदी सुरंग में विस्फोट करने का आरोप है. उन्होंने बताया कि नक्सली कैलाश, पांड और छोटु कुरसम के खिलाफ 15 दिसंबर, 2020 को आलवाड़ा सड़क निर्माण कार्य में तैनात जेसीबी, टिप्पर और ट्रैक्टर में आग लगाने की घटना में शामिल होने का आरोप है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu