शमी को चार विकेट, गुजरात ने दिल्ली को आठ विकेट पर 130 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 May 2023 10:11 PM
शमी को चार विकेट, गुजरात ने दिल्ली को आठ विकेट पर 130 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. मोहम्मद शमी के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के बाद अमन हकीम खान के करियर के पहले अर्धशतक से दिल्ली कैपिटल्स ने बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां आठ विकेट पर 130 रन बनाए.

शमी ने सिर्फ 11 रन देकर चार विकेट चटकाए. मोहित शर्मा (33 रन पर दो विकेट) और राशिद खान (28 रन पर एक विकेट) ने उनका अच्छा साथ दिया जबकि नूर अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन दिए लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.
दिल्ली की टीम एक समय 23 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन अमन ने 44 गेंद में तीन छक्कों और तीन चौकों से 51 रन की पारी खेलने के अलावा अक्षर पटेल (27) के साथ छठे विकेट के लिए 50 और रिपल पटेल (23) के साथ सातवें विकेट के लिए 53 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने पांचवें ओवर में 23 रन तक ही पांच विकेट गंवा दिए.
शमी ने मैच की पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट (00) को एक्सट्रा कवर पर डेविड मिलर के हाथों कैच करा दिया. हार्दिक पंड्या के अगले ओवर की पहली ही गेंद पर दिल्ली के कप्तान डेविड वार्नर (02) गैरजरूरी रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए जबकि यह नोबॉल थी.

शमी ने पारी के तीसरे ओवर में रिली रोसेयु (08) जबकि पांचवें ओवर में मनीष पांडे (01) और प्रियम गर्ग (10) को विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराके दिल्ली के शीर्ष और मध्यक्रम को ध्वस्त किया. दिल्ली की टीम पावर प्ले में पांच विकेट पर 28 रन ही बना सकी. अमन ने जोश लिटिल पर चौके के बाद राशिद खान की गेंद पर छक्का जड़ा. अक्षर ने भी शमी की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए. अक्षर ने राशिद पर छक्के के साथ 10वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया.

अक्षर हालांकि रन गति बढ़ाने के प्रयास में मोहित की गेंद पर राशिद को कैच दे बैठे. दिल्ली ने 15 ओवर में छह विकेट पर 78 रन बनाए. अमन ने मोहित के अगले ओवर में चौके और छक्के के साथ रन गति में इजाफा करने की कोशिश की. रिपल पटेल ने लिटिल पर दो चौकों के साथ 17वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. अमन ने मोहित पर छक्का और फिर दो रन के साथ 41 गेंद में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया लेकिन राशिद की गेंद पर अभिनव मनोहर को कैच दे बैठे. मोहित ने पारी के अंतिम ओवर में रिपल को आउट करके 100वां आईपीएल विकेट हासिल किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu