कड़ी सुरक्षा के बीच ज्ञानवापी मस्जिद में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 May 2022 05:59 PM
कड़ी सुरक्षा के बीच ज्ञानवापी मस्जिद में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
ऑडियो सुनें

वाराणसी. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां ज्ञानवापी मस्जिद में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. पुलिस ने बताया कि जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस ने विश्वनाथ मंदिर के द्वार संख्या चार पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, जहां से नमाजियों को प्रवेश की इजाजत थी. इससे पहले अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे ‘वजू खाना’ को सील करने के मद्देनजर बड़ी संख्या में नमाज अदा करने के लिए न आएं.

अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद कमेटी के सचिव एम एस यासीन ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे लेकिन उन्हें वापस जाने के लिए कहा गया. यासीन ने कहा कि जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए मस्जिद परिसर में पानी के ड्रम की व्यवस्था की थी और कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील भी की थी.

इससे पहले कमेटी ने आज जारी एक पत्र में श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में मस्जिद जाने से परहेज करने को कहा था. पत्र में कहा गया था कि ‘वजू खाना’ और शौचालय के सील होने से कुछ दिक्कतें आ रही हैं. इसमें यह भी कहा गया था कि जुमे की नमाज में नमाजियों की संख्या अधिक रहती है, इसलिए यह समस्या और बढ़ जाएगी.

कमेटी ने इस मजबूरी के कारण बड़ी संख्या में नमाज के लिए आने से परहेज करने और पहले की तरह अपने ही इलाकों की मस्जिदों में नमाज अदा करने की अपील की. पत्र में कहा गया था कि ज्ञानवापी में जो लोग जुमे की नमाज के लिए आते हैं, वे ‘वजू’ करके आएं ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu