‘हम सब आपके साथ हैं’: विजय के लिए जन्मदिन पर कीर्ति सुरेश का संदेश

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 23 Jun 2026 02:18 PM
‘हम सब आपके साथ हैं’: विजय के लिए जन्मदिन पर कीर्ति सुरेश का संदेश
ऑडियो सुनें

चेन्नई: अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व और जनसेवा के नए अध्याय की सराहना की है। तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह सोमवार को 52 वर्ष के हो गए।

अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने सोमवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पहले उनके जन्मदिन पर प्रशंसक उनकी फिल्मों से जुड़ी घोषणाओं, उनके फर्स्ट लुक, टीजर और ट्रेलर का इंतजार करते थे। कीर्ति सुरेश ने विजय के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ”सालों तक आपका जन्मदिन एक नयी फिल्म के फर्स्ट लुक, टीजर या ट्रेलर का इंतजार लेकर आता था। यह एक परंपरा बन गई थी जिसका हम सभी इंतजार करते थे।''

उन्होंने कहा, ''पिछले एक दशक में पहली बार ऐसा हो रहा है कि दुनिया के सामने कोई नया किरदार नहीं आ रहा है। इसके बजाय हम कुछ और अधिक महत्वपूर्ण देख रहे हैं—आप खुद को फिर से पेश कर रहे हैं, इस बार पर्दे के हीरो के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी के नए अध्याय में कदम रखने वाले नेता के रूप में।''

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने 2017 की फिल्म 'बैरवा' और 2018 की 'सरकार' में विजय के साथ काम किया है। अभिनेत्री ने विजय के नए राजनीतिक सफर को एक नई शुरूआत बताते हुए समर्थन जताया। उन्होंने लिखा, ''हम सब आपके साथ हैं।'' अपने संदेश के अंत में कीर्ति सुरेश ने लिखा, ''हमेशा हमारे दिलों में खास जगह रखने वाले थलपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं।''

विजय ने 2024 में अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की शुरूआत कर राजनीति में प्रवेश किया था।हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और कांग्रेस सहित अन्य दलों के समर्थन से उसने सरकार बनाई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav