गड़करी ने उद्धव का प्रस्ताव ठुकराया, कहा: भाजपा किसे उम्मीदवार बनाए इसकी चिंता एमवीए न करे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Mar 2024 07:26 PM
गड़करी ने उद्धव का प्रस्ताव ठुकराया, कहा: भाजपा किसे उम्मीदवार बनाए इसकी चिंता एमवीए न करे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र विकास आघाडी (एमवीए) उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने के निमंत्रण को ‘अपरिपक्व और हास्यास्पद’ करार देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की एक प्रणाली है.

ठाकरे के एक हालिया बयान के संदर्भ में पूछे जाने पर गडकरी ने ने कहा कि शिवसेना नेता को भाजपा नेताओं के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है. ठाकरे ने पिछले सप्ताह एक रैली में कहा था कि गडकरी को ‘महाराष्ट्र की क्षमता’ दिखानी चाहिए और ‘दिल्ली के सामने झुकने’ के बजाय इस्तीफा दे देना चाहिए.

उन्होंने कहा था, ”हम एमवीए (महाराष्ट्र विकास आघाडी) उम्मीदवार के रूप में उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे.” गडकरी ने कहा, ”ठाकरे का सुझाव अपरिपक्व और हास्यास्पद है. भाजपा में उम्मीदवारों को टिकट देने की एक व्यवस्था है.” उन्होंने कहा कि ठाकरे का सुझाव आगामी लोकसभा चुनावों के लिए महाराष्ट्र में टिकट वितरण पर भाजपा की चर्चा से काफी पहले आया है.

उन्होंने द्वारका एक्सप्रेस-वे के 19 किलोमीटर लंबे हरियाणा खंड को जनता के लिए खोले जाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में यह टिप्पणी की. गडकरी ने विश्वास जताया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट मिलेंगी.

उन्होंने द्वारका एक्सप्रेस-वे को एक अत्याधुनिक परियोजना करार दिया और कहा, ”सरकार ने द्वारका एक्सप्रेस-वे के ठेके देने में अनुमान के मुकाबले निर्माण लागत में 20 प्रतिशत की बचत की है.” गडकरी ने यह भी कहा कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में सड़क, राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिये 65,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से 35,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और शेष दिसंबर तक पूरी हो जाएंगी.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को द्वारका एक्सप्रेस-वे के 19 किलोमीटर लंबे हरियाणा खंड का उद्घाटन किया था. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यातायात प्रवाह में सुधार होगा और भीड़ भी कम होगी. इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने का अनुमान है. द्वारका एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 29 किमी है, जिसमें से 18.9 किमी हरियाणा में, जबकि शेष 10.1 किमी दिल्ली में है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu