गहलोत सरकार ने राजस्थान के युवाओं के पांच साल बर्बाद किए: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 07:08 PM
गहलोत सरकार ने राजस्थान के युवाओं के पांच साल बर्बाद किए: मोदी
ऑडियो सुनें

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने राज्य के युवाओं के पांच महत्वपूर्ण साल बर्बाद कर दिए हैं. मोदी ने विश्वास जताया कि राज्य में सत्ता बदलने वाली है.

वह जयपुर के बाहरी इलाके के दादिया गांव में परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित कर रहे थे. राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं.

राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा,”राजस्थान के लोगों ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति पाने का बिगुल फूंक दिया है. पिछले पांच साल में जिस तरह की सरकार कांग्रेस ने यहां चलाई है वह जीरो नंबर पाने की हकदार है. गहलोत सरकार ने राजस्थान के लोगों एवं युवाओं के पांच महत्वपूर्ण वर्ष बर्बाद कर दिए. इसलिए राजस्थान के लोगों ने ठान लिया है कि वे गहलोत सरकार को हटाएंगे, भाजपा को वापस लाएंगे.”

मोदी ने कहा,” मैं साफ देख रहा हूं कि राजस्थान में अब परिवर्तन होकर रहेगा.” उन्होंने कहा कि राजस्थान के कोने-कोने में जो परिवर्तन संकल्प यात्राएं भाजपा ने निकाली हैं उन्हें बहुत जनसमर्थन मिला जो इस बात का साफ संकेत है कि कि राजस्थान का मौसम बदल चुका है.

मोदी ने कहा, ” मैं राजस्थान के हर भाजपा कार्यकर्ता को, जनता-जनार्दन को इन सफल यात्राओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं.” गहलोत सरकार पर पेपर लीक माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा, ”राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद पेपर लीक माफिया पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा.”

मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा,” कांग्रेस की कभी नीयत नहीं थी कि वह देश की महिलाओं को सशक्त करे. जो कांग्रेसी आज महिला आरक्षण की बातें कर रहे हैं… ये काम वे तीस साल पहले कर सकते थे. जब जब मौका मिला तब कर सकते थे. लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेसी कभी चाहते ही नहीं थे कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले.”

उन्होंने कहा,” आज भी अगर ये नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आए हैं तो मन से नहीं आए ..बल्कि ये आप सभी बहनों के दबाव का परिणाम है कि वे सीधी लाइन में आए हैं. इसलिए हर बहन-बेटी को याद रखना है कि कांग्रेस एवं उसके घमंडिया साथी महिला आरक्षण के घोर विरोधी हैं. नारी को सशक्त करने के इतने बड़े फैसले को भी वह भटकाने में लगे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu