हैदराबाद में जर्मन महिला ने कार चालक पर ‘बलात्कार’ का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 08:39 PM
हैदराबाद में जर्मन महिला ने कार चालक पर ‘बलात्कार’ का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना के हैदराबाद में 22 वर्षीय एक जर्मन महिला ने कार चालक पर आरोप लगाया है कि उसने कार में बैठाने के बाद उससे दुष्कर्म किया. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि चालक ने सोमवार देर शाम कार की पिछली सीट पर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायत के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता को चिकित्सा जांच के लिए भेज दिया गया है. अधिकारी ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई है. पुलिस के अनुसार, जर्मन महिला अपने एक पुरुष साथी के साथ चार मार्च को एक दोस्त से मिलने हैदराबाद आई थी जिसके साथ उसने इटली में पढ़ाई की थी.

जब पीड़िता और उसका दोस्त सोमवार को मीरपेट इलाके में थे, तो अपने पांच नाबालिग दोस्तों के साथ शहर में घूम रहे कार चालक ने उसे शहर घुमाने का प्रस्ताव दिया. दोनों कार में सवार हो गए और कई स्थानों पर गए व रास्ते में तस्वीरें लीं. बाद में चालक ने अपने दोस्तों और महिला के मित्र को उतार दिया और शाम साढ़े सात बजे पीड़िता के साथ शहर के बाहरी इलाके मामीडीपल्ली में गया. वह और तस्वीरें लेने का झांसा देकर एक जगह रुका और कथित तौर पर अपराध को अंजाम दिया.

इसके बाद चालक वहां से फरार हो गया. इसके बाद महिला ने अपने जर्मन दोस्त को घटना की जानकारी दी और पुलिस में मामला दर्ज कराया. जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में ले लिया गया. पहाड़ीशरीफ पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में जांच की जा रही है. इस बीच, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य के. कविता ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह महिलाओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu